धान खरीदी से पहले कलेक्टर का सख्त निर्देश, किसानों को केंद्रों पर मिलें सभी सुविधाएं

---Advertisement---
  • धान उपार्जन केंद्रों पर किसानों को सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें – कलेक्टर
  • गुणवत्ता परीक्षण, तौल व्यवस्था, सर्वेयर प्रशिक्षण एवं तकनीकी संसाधनों की उपलब्धता पर दिया जोर
  • कलेक्टर ने धान उपार्जन की तैयारियों की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

अनूपपुर 21 नवंबर 2026/ कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने कलेक्ट्रेट स्थित नर्मदा सभागार में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिले में आगामी धान उपार्जन की तैयारियों की समीक्षा बैठक लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिले में 1 दिसंबर 2026 से 20 जनवरी 2027 तक धान उपार्जन किया जाएगा। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि उपार्जन प्रारंभ होने के पूर्व सभी केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली जाएं, जिससे किसानों को अपनी उपज विक्रय करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

कलेक्टर ने उपार्जन केंद्रों पर किसानों के लिए प्रतीक्षालय, बैठने, पेयजल, छाया, शौचालय,अलाव एवं साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। बारिश से बचाव के लिए तिरपाल, जल निकासी, विद्युत, प्रकाश एवं जनरेटर की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। केंद्रों पर कंप्यूटर, प्रिंटर, स्कैनर, लैपटॉप, यूपीएस एवं हाईस्पीड इंटरनेट कनेक्शन सहित आवश्यक तकनीकी संसाधन उपलब्ध रखने तथा सीसीटीवी कैमरों को क्रियाशील रखने को कहा।

उन्होंने धान की गुणवत्ता परीक्षण एवं तौल व्यवस्था की समीक्षा करते हुए नमी मापक यंत्र, छलना, पंखा एवं ग्रेडिंग मशीन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटों का प्रमाणीकरण कराने, पर्याप्त बारदानों एवं सिलाई मशीन की व्यवस्था रखने तथा अग्निशमन यंत्र, रेत, बाल्टियां एवं प्राथमिक उपचार बॉक्स सहित आवश्यक सुरक्षा संसाधन उपलब्ध कराने को कहा।

कलेक्टर ने सर्वेयर, उपार्जन समिति के सदस्यों एवं कंप्यूटर ऑपरेटर को उपार्जन प्रारंभ होने के पूर्व आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धान का गुणवत्ता परीक्षण निर्धारित FAQ मापदंडों के अनुसार किया जाए तथा सर्वेयर एप के माध्यम से गुणवत्ता संबंधी जानकारी दर्ज की जाए। अमानक स्कंध पाए जाने पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पुनः परीक्षण एवं आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उपार्जन केंद्रों पर FAQ मापदंड, भुगतान संबंधी जानकारी एवं टोल फ्री नंबर भी प्रदर्शित किए जाएं।

उन्होंने स्लॉट बुकिंग व्यवस्था, राज्य पोर्टल पर खरीदी का विवरण दर्ज करने तथा किसानों एवं परिवहनकर्ताओं के लेनदेन संबंधी विवरण उसी दिन अपलोड करने के निर्देश दिए। स्लॉट बुकिंग की वैधता अवधि 7 कार्य दिवस का पालन सुनिश्चित करने तथा सर्वर की नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा। उपार्जन कार्य की सतत निगरानी के लिए 24 घंटे कंट्रोल रूम की व्यवस्था करने एवं प्रतिदिन की खरीदी संबंधी जानकारी संकलित करने के निर्देश भी दिए।

कलेक्टर ने उपार्जन के दौरान एवं उपार्जन पश्चात की जाने वाली प्रक्रियाओं की कार्ययोजना तैयार रखने, वेयरहाउस एवं भंडारण स्थलों की व्यवस्थाओं का परीक्षण करने तथा उपार्जन केंद्रों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को केंद्रों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर शेष तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि धान उपार्जन की पूरी प्रक्रिया में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि किसानों को अपनी उपज के विक्रय में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

बैठक में अपर कलेक्टर श्री बलवीर रमन, एसडीएम जैतहरी एवं डीएम नान श्री कमलेश पुरी, सहायक आपूर्ति अधिकारी श्रीमती सीमा सिंन्हा सहित उपार्जन संबंधी समस्त अधिकारी उपस्थित रहे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment