चचाई पुलिस की तत्परता से 80 वर्षीय गुमशुदा महिला बिलासपुर से सुरक्षित दस्तयाब

---Advertisement---

चचाई पुलिस की तत्परता से 80 वर्षीय गुमशुदा महिला बिलासपुर से सुरक्षित दस्तयाब

पुलिस की मेहनत और लगातार तलाश रंग लाई, वृद्ध महिला को परिजनों के किया गया सुपुर्द

चचाई/अनूपपुर। थाना चचाई पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए गुमशुदा 80 वर्षीय वृद्ध महिला को छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से सुरक्षित दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द किया है। वृद्ध महिला के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बापू चौक अमलाई निवासी रजनीश गोंड़ पिता स्वर्गीय रामरतन गोंड़, उम्र 46 वर्ष ने 29 अगस्त 2026 को थाना चचाई में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फरियादी ने बताया कि 25 अगस्त की सुबह वह और उसकी पत्नी काम पर चले गए थे, जबकि बच्चे स्कूल गए हुए थे। घर पर उसकी 80 वर्षीय मां दुलारी बाई गोंड़ अकेली थीं।

शाम करीब 4 बजे जब रजनीश काम से वापस घर पहुंचा तो उसकी मां घर पर नहीं मिलीं। इसके बाद उसने अपनी पत्नी के साथ आसपास, पड़ोस, नात-रिश्तेदारों तथा संभावित स्थानों पर काफी तलाश की, लेकिन वृद्ध महिला का कोई पता नहीं चला।

परिजनों के अनुसार, दुलारी बाई की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और वह डंडे के सहारे चलती हैं। उनके हाथ में एक झोला भी था। काफी तलाश के बाद भी पता नहीं चलने पर परिजनों ने किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रकरण दर्ज कर विवेचना एवं पतासाजी शुरू की।

वृद्ध महिला की तलाश के लिए पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए गए। संभावित स्थानों की जानकारी जुटाने के साथ विभिन्न माध्यमों से तलाश की गई। पुलिस की मेहनत और लगातार पतासाजी के परिणामस्वरूप 7 सितंबर 2026 को गुमशुदा वृद्ध महिला को बिलासपुर, छत्तीसगढ़ से सुरक्षित दस्तयाब कर लिया गया।

दस्तयाबी के बाद पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर वृद्ध महिला को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। महिला के सकुशल मिलने से परिवार में खुशी का माहौल रहा।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चचाई निरीक्षक फूलवती अहिरवार, किरण मिश्रा और विकास दहायत की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस की तत्परता, लगातार प्रयास और मानवीय दृष्टिकोण के चलते 80 वर्षीय वृद्ध महिला को सुरक्षित तलाश कर परिजनों तक पहुंचाया जा सका।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

October 12, 2026

October 12, 2026

October 12, 2026

October 12, 2026

October 12, 2026

October 12, 2026

Leave a Comment