बोर्ड परीक्षा में मनमोहन व देवेंद्र ने किया कमाल, राजनगर स्कूल का शत-प्रतिशत परिणाम
कक्षा 12वीं में मनमोहन पाठक जिले में अव्वल, 10वीं में देवेंद्र प्रजापति विद्यालय में प्रथम
राजनगर, अनूपपुर
माध्यमिक शिक्षा मंडल माध्यमिक शिक्षा मंडल मध्य प्रदेश भोपाल द्वारा घोषित हाईस्कूल (10वीं) एवं हायर सेकेंडरी (12वीं) परीक्षा परिणामों में राजनगर स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शत-प्रतिशत परिणाम दर्ज किया है। विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर न केवल स्कूल बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है
कक्षा 12वीं में विद्यालय के छात्र मनमोहन पाठक ने 500 में से 454 अंक अर्जित कर जिले की प्रवीण सूची में पहला स्थान हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि ने विद्यालय को गौरवान्वित किया है। वहीं कक्षा 10वीं के छात्र देवेंद्र प्रजापति ने 500 में से 457 अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया है, जो उनकी मेहनत और लगन का परिणाम है
विद्यालय के प्राचार्य एस.के. सक्सेना ने दोनों विद्यार्थियों की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि छात्रों के कठिन परिश्रम, शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने दोनों विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की
विद्यालय के समस्त शिक्षकों एवं स्टाफ ने भी विद्यार्थियों की इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। क्षेत्र में भी इन छात्रों की सफलता को लेकर हर्ष का माहौल है और लोग उनके उज्जवल भविष्य की कामना कर रहे हैं


























