बलराम कृषि महोत्सव में मुख्यमंत्री ने किसानों से किया संवाद, अनूपपुर के कृषि योगदान को सराहा
अनूपपुर। ‘कृषक कल्याण वर्ष-2026’ के अंतर्गत अनूपपुर में आयोजित ‘बलराम कृषि महोत्सव’ में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्चुअली शामिल हुए और किसान बंधुओं से संवाद किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जिले के किसानों को संबोधित करते हुए कृषि क्षेत्र में अनूपपुर के योगदान की सराहना की
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश को मिलेट स्टेट बनाने में अनूपपुर जिले का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि अनूपपुर जल संपदा से समृद्ध जिला है। जिले में केवई उद्वहन सिंचाई परियोजना के माध्यम से सिंचाई सुविधाओं को और मजबूत किया जा रहा है, जिससे कृषि क्षेत्र को लाभ मिलेगा
उन्होंने कहा कि प्रदेश में तकनीक एवं नवाचार के माध्यम से कृषि उत्पादन बढ़ाने तथा किसानों की आय में वृद्धि करने के साथ-साथ 100 लाख हेक्टेयर तक सिंचाई क्षमता का विस्तार करने का लक्ष्य है। सरकार कृषि को आधुनिक तकनीक से जोड़कर किसानों को अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य कर रही है
कार्यक्रम में उपस्थित भाजपा जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा किसानों के हित में किए जा रहे प्रयासों से कृषि क्षेत्र को नई दिशा मिल रही है। उन्होंने बलराम कृषि महोत्सव के आयोजन को किसानों के लिए उपयोगी बताते हुए मुख्यमंत्री का धन्यवाद ज्ञापित किया


































































