बिजुरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नशीले इंजेक्शनों के साथ महिला गिरफ्तार

---Advertisement---

बिजुरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नशीले इंजेक्शनों के साथ महिला गिरफ्तार
भालूगुड़ार में घर से 100 प्रतिबंधित इंजेक्शन जब्त, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

बिजुरी/अनूपपुर। जिले में मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बिजुरी पुलिस ने नशीले इंजेक्शनों की अवैध बिक्री पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महिला के कब्जे से 100 नग प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 20 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।

पुलिस अधीक्षक अनूपपुर मोती उर रहमान के निर्देश पर जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम तथा एसडीओपी कोतमा आरती शाक्य के मार्गदर्शन में बिजुरी थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की।

बिजुरी थाना प्रभारी निरीक्षक विकास सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम को 4 मई को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि बिजुरी के भालूगुड़ार क्षेत्र स्थित वार्ड क्रमांक 7 में एक महिला अपने घर में भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन छिपाकर बिक्री के लिए रखे हुए है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी विकास सिंह ने पुलिस टीम के साथ बताए गए स्थान पर दबिश दी।

पुलिस ने भालूगुड़ार निवासी पुष्पा उर्फ रानी सिंह उइके (32 वर्ष), पिता स्वर्गीय रामजवित सिंह उइके, के घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से Pheniramine Maleate Injection I.P. 10 एमएल के 50 नग तथा Buprenorphine Injection I.P. 2 एमएल के 50 नग कुल 100 नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए।

जांच के दौरान पुलिस ने महिला से इन इंजेक्शनों के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन वह कोई लाइसेंस, बिल या वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकी। प्रतिबंधित मादक इंजेक्शनों को अवैध रूप से बिक्री के उद्देश्य से रखने पर पुलिस ने इसे एनडीपीएस एक्ट एवं औषधि नियंत्रण कानून का उल्लंघन माना।

पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से बरामद सभी इंजेक्शनों को जब्त कर लिया। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 20 हजार रुपये आंकी गई है। आरोपी के विरुद्ध धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट एवं 5/13 औषधि निवारण अधिनियम 1949 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी महिला को ये प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन कहां से प्राप्त हुए और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं। पुलिस को आशंका है कि इस मामले में नशीले इंजेक्शनों की अवैध सप्लाई से जुड़ा बड़ा नेटवर्क सामने आ सकता है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विकास सिंह के साथ उपनिरीक्षक प्रभाकर पटेल, आरक्षक लक्ष्मण डांगी, आरक्षक मनोज उपाध्याय, आरक्षक रवि सिंह, महिला आरक्षक संगम तोमर तथा आरक्षक संगम तोमर की सराहनीय भूमिका रही।

बिजुरी पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

July 11, 2026

July 11, 2026

July 11, 2026

July 11, 2026

July 11, 2026

July 11, 2026

Leave a Comment