भंडारण अव्यवस्था पर भड़के कृषि अधिकारी सहकारी समितियों को सौंपने की उठी मांग

---Advertisement---

 

मनेन्द्रगढ़। छत्तीसगढ़ कृषि स्नातक शासकीय कृषि अधिकारी संघ की जिला इकाई ने विभागीय आदान सामग्री बीज, उर्वरक और जैव उर्वरक के भंडारण में हो रही अनियमितताओं पर कड़ा विरोध दर्ज कराया है। संघ ने उप संचालक कृषि को पत्र भेजकर व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की है।

संघ के जिलाध्यक्ष दीपक कुमार साहू के अनुसार शासन के स्पष्ट दिशा-निर्देश होने के बावजूद कई जगहों पर सामग्री का भंडारण प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियां की बजाय विकासखंड या अन्य शासकीय कार्यालयों में किया जा रहा है। इससे ना केवल नियमों की अनदेखी हो रही है बल्कि जमीनी स्तर पर कार्यप्रणाली भी प्रभावित हो रही है। संघ का कहना है कि इस अव्यवस्थित भंडारण के चलते सामग्री की गुणवत्ता और सुरक्षा पर असर पड़ रहा है। किसानों को समय पर आदान उपलब्ध नहीं हो पा रहा है जिससे खेती किसानी पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है वहीं वितरण प्रक्रिया जटिल और कम पारदर्शी होने से किसानों और अधिकारियों दोनों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।

अधिकारियों का मानना है कि यदि भंडारण सहकारी समितियों के माध्यम से किया जाये तो किसानों को नजदीक स्तर पर सुविधाएं मिलेंगी, सामग्री सुरक्षित रहेगी और वितरण प्रणाली भी सुचारू एवं पारदर्शी बनेगी। संघ ने प्रशासन से मांग की है कि आदान सामग्री का भंडारण केवल सहकारी समितियों में सुनिश्चित किया जाये और इस संबंध में स्पष्ट निर्देश जारी कर सख्ती से पालन कराया जाये।

संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो वे आगामी समय में आंदोलनात्मक कदम उठाने के लिये बाध्य होंगे जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment