बेलबहरा के विद्यार्थियों ने रायपुर में दिखाई प्रतिभा, रेडक्रॉस नाटक प्रतियोगिता में तीसरा स्थान
विश्व रेडक्रॉस दिवस पर राज्य स्तरीय मंच पर चमके जूनियर रेडक्रॉस के छात्र-छात्राएं
मनेन्द्रगढ़। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेलबहरा के विद्यार्थियों ने विश्व रेडक्रॉस दिवस पर आयोजित राज्य स्तरीय नाटक प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। रायपुर में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में विद्यालय की टीम ने तृतीय स्थान हासिल कर बड़ी उपलब्धि अपने नाम की।
मेडिकल कॉलेज सभागार रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने मानव सेवा, सामाजिक जागरूकता और रेडक्रॉस की भावना पर आधारित प्रभावशाली नाटक प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुति ने निर्णायकों और दर्शकों को प्रभावित किया तथा खूब सराहना बटोरी। इस सफलता के पीछे विद्यालय के प्राचार्य बलराज पाल का मार्गदर्शन और व्याख्याता सुनीता मिश्रा की मेहनत को अहम माना जा रहा है। विद्यार्थियों को मंच के लिये तैयार करने में व्याख्याता कमलेश पांडे और लिपिक राम अवतार ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।
प्रतियोगिता में कशिश रवि, रिया, उर्मिला यादव, एलिमा तिर्की, ललित राजवाड़े, मोहम्मद शहजाद, मोहम्मद अली, हृदय सिंह और अंजना रवि ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सभी प्रतिभागी राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक हैं।
राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी नित्यानंद द्विवेदी ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए इसे पूरे जिले के लिये गर्व का क्षण बताया वहीं जिला शिक्षा अधिकारी आर.पी. मिरे और जिला रेडक्रॉस प्रभारी गणेश राव ने भी विद्यार्थियों की उपलब्धि की सराहना करते हुए शुभकामनाएं दीं।





































