विदेश अध्ययन छात्रवृत्ति योजनान्तर्गत आवेदन 18 मई तक आमंत्रित
अनूपपुर 11 मई 2026/ मध्यप्रदेश शासन के जनजातीय कार्य विभाग द्वारा अनुसूचित जनजाति वर्ग के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए ‘विदेश अध्ययन छात्रवृत्ति योजना’ के तहत आवेदन 18 मई तक आमंत्रित किए गए हैं। इस योजना का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के जनजातीय युवाओं को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उच्च शिक्षा और शोध के अवसर प्रदान करना है। योजना के माध्यम से चयनित अभ्यर्थियों को विदेश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में शिक्षा प्राप्त करने के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
योजना के अंतर्गत शोध उपाधि उपरांत अध्ययन (Post-Doc), पी.एच.डी. (Ph.D.) तथा स्नातकोत्तर (Masters) स्तर के पाठ्यक्रमों के लिए छात्रवृत्ति का प्रावधान किया गया है। विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि अभ्यर्थियों का चयन वर्तमान में प्रचलित योजना नियमों और निर्धारित मापदंडों के आधार पर किया जाएगा। यह योजना उन विद्यार्थियों के लिए एक मील का पत्थर साबित होगी जो संसाधनों के अभाव में वैश्विक मंच पर अपनी शैक्षणिक योग्यता सिद्ध करने से वंचित रह जाते हैं।
इच्छुक अभ्यर्थी आवेदन का निर्धारित प्रारूप और योजना से जुड़ी विस्तृत जानकारी जनजातीय कार्य विभाग की आधिकारिक वेबसाइट ट्राइबल डाट एमपी डाट जीओव्ही डाट इन (tribal.mp.gov.in) पर देख सकते हैं। वेबसाइट पर पात्रता, आवश्यक दस्तावेज और चयन प्रक्रिया से संबंधित सभी दिशा-निर्देश उपलब्ध कराए गए हैं। आवेदकों को सलाह दी गई है कि वे आवेदन करने से पूर्व पोर्टल पर उपलब्ध नवीनतम नियमों का गहनता से अवलोकन कर लें।
विस्तृत जानकारी के लिए सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग अनूपपुर के कार्यालय से भी मार्गदर्शन प्राप्त किया जा सकता है। शासन की इस पहल का उद्देश्य जनजातीय वर्ग के युवाओं को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है।


































