अमरकंटक नगर परिषद की कचरा गाड़ी फंसी गड्ढे में ,

---Advertisement---

अमरकंटक नगर परिषद की कचरा गाड़ी फंसी गड्ढे में ,

सड़क की बदहाली की खुली पोल

संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय

अमरकंटक – मां नर्मदा की उद्गम स्थली/पवित्र नगरी अमरकंटक में सड़कों की जर्जर स्थिति अब आम राहगीरों के साथ-साथ नगर परिषद के वाहनों के लिए भी परेशानी का कारण बनने लगी है । शनिवार सुबह नर्मदा मंदिर के पीछे स्थित सोनमुड़ा तिराहे के समीप नगर परिषद अमरकंटक की कचरा संग्रहण गाड़ी सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे में फंस गई । वाहन का पहिया धंस जाने से कुछ समय के लिए आवागमन प्रभावित हुआ और कर्मचारियों को वाहन निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी । इसमें ड्राइवर की भी लापरवाही बताई जा रही है लेकिन सड़क किनारे बने गड्ढे ही मुख्य वजह है ।

सोनमुड़ा तिराहा नगर के प्रमुख मार्गों में शामिल है जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों , श्रद्धालुओं और पर्यटकों का आवागमन होता है । इसके बावजूद सड़क किनारों पर बने गड्ढे और क्षतिग्रस्त हिस्से जिम्मेदार विभागों की उदासीनता को उजागर कर रहे हैं । बारिश के मौसम में इन गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है जिससे दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है ।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि नगर की सफाई व्यवस्था में लगी कचरा गाड़ी ही गड्ढे में फंस सकती है तो दोपहिया और छोटे वाहन चालकों के लिए खतरा और अधिक बढ़ जाता है । नागरिकों ने प्रशासन और नगर परिषद से प्रमुख मार्गों पर बने गड्ढों की शीघ्र मरम्मत कराने तथा सड़क किनारों को सुरक्षित बनाने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो ।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment