अमरकंटक में 21 दिवसीय कलश वंदन यात्रा का भव्य समापन
पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ निकली विशाल यात्रा,संत रविदास प्रतिमा स्थल पर हुआ पूजन-अर्चन
संवाददाता / श्रवण कुमार उपाध्याय
अमरकंटक / मां नर्मदा की उद्गम स्थली – पवित्र नगरी अमरकंटक में संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित 21 दिवसीय समरसता संकल्प अभियान एवं कलश वंदन यात्रा का गुरुवार को भव्य समापन हुआ ।
इस अवसर पर पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अमरकंटक से विशाल कलश वंदन यात्रा निकाली गई । पारंपरिक वाद्य यंत्रों की मंगल ध्वनि के साथ यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए वार्ड क्रमांक 8 स्थित संत रविदास महाराज की प्रतिमा स्थल पहुंची , जहां विधिवत पूजन-अर्चन एवं आरती की गई । श्रद्धालुओं ने संत रविदास जी के समता , सद्भाव और मानव कल्याण के संदेश को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया ।
यात्रा के बाद गुरु नानक गुरुद्वारा के सभा हाल में समापन समारोह आयोजित किया गया । वक्ताओं ने गुरु रविदास जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके सामाजिक समरसता , समानता और मानवता के संदेश को आज भी प्रासंगिक बताया ।
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त सहायक आयुक्त डी.एस. राव , जिला संयोजक संतोष बाजपेई , नोडल अधिकारी डी.आर. बांधव , प्राचार्या अनुजा मिश्रा , नगर परिषद अध्यक्ष पार्वती सिंह , सांसद प्रतिनिधि प्रकाश द्विवेदी , विधायक प्रतिनिधि श्यामलाल सेन सहित , एल्डरमैन सूरज साहू , शिक्षक जितेंद्र तिवारी , ओ पी वाठिया, चरण सिंह उईके , शिशु मंदिर प्राचार्य सहित अनेक जनप्रतिनिधि , अधिकारी , शिक्षक , सामाजिक कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे ।
अभियान के समापन पर आयोजकों ने सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सामाजिक समरसता और भाईचारे की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया ।







































































