अमलाई में गरबा महोत्सव का शानदार आयोजन

---Advertisement---

अमलाई में गरबा महोत्सव का शानदार आयोजन

बालिकाओं ने गरबा की मनमोहक प्रस्तुतियों से मोहा दर्शकों का मन, उत्कृष्ट प्रतिभागियों को किया सम्मानित

अनूपपुर ।अमलाई के वार्ड क्रमांक 7 बसंतपुर दफाई में महादेव संकट मोचन दुर्गा उत्सव समिति एवं पवन कुमार चीनी मित्र मंडली के तत्वाधान में भव्य गरबा महोत्सव का आयोजन किया गया। शाम 8 बजे से रात्रि 12 बजे तक चले इस रंगारंग कार्यक्रम में बालिकाओं ने गरबा, और आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी उल्लेखनीय प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों का दिल जीत लिया और पूरा मैदान उत्साह एवं उमंग से सराबोर रहा।आयोजनकर्ता पवन चीनी मित्र मंडली के कुशल नेतृत्व में यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उनके मार्गदर्शन एवं प्रयासों से बालिकाओं को अपनी कला एवं सांस्कृतिक प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला।

गरबा की प्रस्तुतियों ने बांधा समां

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष दर्शक शामिल हुए। प्रतिभागियों ने एक से बढ़कर एक आकर्षक गरबा एवं नृत्य प्रस्तुतियां देकर ऐसा समां बांधा कि उपस्थित जनसमूह मंत्रमुग्ध होकर कार्यक्रम का आनंद लेता रहा। लगभग 4 घंटे तक चले इस महोत्सव में रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों से सजी बालिकाओं की प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। आयोजन की उपस्थित लोगों ने मुक्त कंठ से सराहना की।

मांँ जगदंबे के दीप प्रज्वलन से हुआ शुभारंभ

गरबा महोत्सव का शुभारंभ मांँ जगदंबे के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात उपस्थित आगंतुकों, निर्णायक मंडल में शामिल सदस्यों का शाल, श्रीफल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया। निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का अवलोकन कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं का चयन किया।

बालिका वर्ग में प्रतिभागियों को किया सम्मानित

आयोजन के दौरान गरबा एवं नृत्य में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त सभी प्रतिभागी बालिकाओं को प्रोत्साहन स्वरूप उपहार भेंट किए गए। सम्मान प्राप्त करने पर प्रतिभागियों में उत्साह और प्रसन्नता देखने को मिली।

अमलाई में चीनी मित्र मंडली की अनूठी पहल

बसंतपुर दफाई में चीनी मित्र मंडली द्वारा इस प्रकार के गरबा महोत्सव का आयोजन सांस्कृतिक गतिविधियों की दृष्टि से एक उल्लेखनीय पहल रहा। समिति के इस प्रयास ने बालिकाओं को अपनी कला, प्रतिभा और सांस्कृतिक अभिरुचि प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराया। गरबा की प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय लोक संस्कृति, परंपरा और सामूहिक उत्सव की सुंदर झलक देखने को मिली।आयोजनकर्ता पार्षद पवन कुमार चीनी के नेतृत्व और समन्वय से कार्यक्रम व्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ। आयोजन में शामिल दर्शकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे अमलाई की सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण बताया।

सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम

कार्यक्रम के दौरान पुलिस थाना चचाई की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। महिला एवं पुरुष पुलिस बल पूरे आयोजन के दौरान तैनात रहा, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।इस भव्य आयोजन ने अमलाई में उत्सव का माहौल बना दिया। बालिकाओं की प्रतिभा, आयोजनकर्ताओं के कुशल नेतृत्व और दर्शकों की सहभागिता ने गरबा महोत्सव को यादगार बना दिया

यह रहे उपस्थित

गरबा महोत्सव में प्रमुख रूप से भाजपा के जिला मंत्री राजा तिवारी, पूर्व जिला मंत्री गणेश पयासी, भाजपा जिला कार्य समिति सदस्य राकेश तिवारी गुड्डू, कार्यालय मंत्री चंद्रिका द्विवेदी, भाजपा महिला नेत्री रश्मि खरे, इंटक के महामंत्री अमरजीत सिंह, भाजपा युवा मोर्चा शहडोल के महामंत्री नितिन सिंह राणा, शिवरतन वर्मा, अनूपपुर नगर पालिका की पूर्व अध्यक्ष प्रवीण द्विवेदी, सांसद प्रतिनिधि वेद प्रकाश द्विवेदी, व्यापारी संघ के अध्यक्ष प्रदीप पुरी, मंडल उपाध्यक्ष सुभाष मिश्रा, सुनील ओटवानी, पार्षद किरण मौर्य, पार्षद सुंदर विश्वकर्मा, युवक कांग्रेस के विधानसभा अध्यक्ष शेफ रिजवी, सहित अनेक नागरिक जनप्रतिनिधि एवं मीडिया कर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अजय दहिया एवं सूरज श्रीवास्तव ने किया

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment