- बेंगलुरु में जुटे 37 देशों के प्रतिनिधि और देशभर के 1157 श्रमिक प्रतिनिधि, मध्य प्रदेश से 26 प्रतिनिधियों ने किया प्रतिनिधित्व
अनूपपुर। ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस (एटक) का 43वां राष्ट्रीय सम्मेलन 22 से 26 नवंबर 2026 तक बेंगलुरु, कर्नाटक के जनाना ज्योति ऑडिटोरियम में आयोजित हुआ। सम्मेलन में देशभर से श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ 37 देशों के 44 विदेशी प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सम्मेलन के दौरान श्रमिकों, सामाजिक सुरक्षा, रोजगार, न्यूनतम वेतन, महंगाई, शिक्षा और श्रमिकों के जीवन स्तर से जुड़े मुद्दों पर व्यापक चर्चा हुई।
सम्मेलन में मध्य प्रदेश एटक के प्रदेश अध्यक्ष हरिद्वार सिंह को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चुना गया, जिसे प्रदेश के संगठित श्रमिक क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। उनके साथ प्रदेश महासचिव एसएस मौर्या को राष्ट्रीय वर्किंग कमिटी के लिए चयनित किया गया। मध्य प्रदेश से विभिन्न संगठित एवं असंगठित क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाले कुल 26 प्रतिनिधियों ने सम्मेलन में भाग लिया।
सम्मेलन में कामरेड यम सुब्बारायण को एटक का राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा जुझारू महिला श्रमिक नेता कामरेड अमरजीत कौर को राष्ट्रीय महासचिव चुना गया। सम्मेलन को वर्ल्ड फेडरेशन ऑफ ट्रेड यूनियन्स के महासचिव पम्बिस किरित्सिस ने संबोधित किया। उन्होंने श्रमिकों की सामाजिक सुरक्षा, जीवन स्तर में सुधार, श्रम अधिकारों तथा विश्व शांति में श्रमिक संगठनों की भूमिका पर विचार रखे।
सम्मेलन में देश की आर्थिक एवं श्रम नीतियों पर भी चर्चा हुई। प्रतिनिधियों ने न्यूनतम वेतन के स्थान पर जीवन निर्वाह योग्य वेतन, सामाजिक सुरक्षा के विस्तार, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक न्याय को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही संगठित एवं असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के अधिकारों को मजबूत करने तथा बदलते समय के अनुरूप श्रम नीतियों में सुधार के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया गया।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी में विभिन्न क्षेत्रों से प्रतिनिधियों को जिम्मेदारी दी गई। इनमें स्कीम वर्कर्स से गायत्री बाजपेई, खेत एवं वन मजदूर क्षेत्र से संजीव राजपूत, विस्थापित मजदूर क्षेत्र से संजय नामदेव, लघु उद्योग क्षेत्र से रूद्र पाल यादव, आंगनवाड़ी क्षेत्र से विभा पांडे तथा कोयला खदान क्षेत्र से अजय कुमार, राजेश शर्मा और श्रीकांत चौधरी शामिल हैं।
हरिद्वार सिंह के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनने पर मध्य प्रदेश के श्रमिक संगठनों और एटक कार्यकर्ताओं ने बधाई देते हुए इसे प्रदेश के श्रमिक आंदोलन के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है। सम्मेलन में चयनित सभी पदाधिकारियों को बधाई एवं क्रांतिकारी अभिवादन प्रेषित किया गया।













































