अनूपपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर पयारी-कदमटोला मार्ग के पास देर रात एचआरसी कंपनी की राखड़ (फ्लाई ऐश) से भरी एक भारी वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गई। यह हादसा रात करीब 2:30 बजे से 4 बजे के बीच हुआ बताया जा रहा है। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि या अन्य नुकसान नहीं हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, वाहन राखड़ लेकर जा रहा था, तभी चालक के नियंत्रण खोने से सड़क किनारे दुर्घटनाग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि चालक को नींद आने के कारण यह हादसा हुआ हो सकता है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना के बाद जब आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो वाहन दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में मिला, लेकिन चालक मौके पर मौजूद नहीं था। चालक के घटनास्थल से गायब होने को लेकर भी लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि एनएच-43 पर भारी वाहनों की लगातार आवाजाही रहती है और चालक की लापरवाही या थकान बड़े हादसों का कारण बन सकती है। लोगों ने प्रशासन से ऐसे मामलों में सतर्कता बढ़ाने और वाहनों की नियमित जांच कराने की मांग की है।
गनीमत रही कि जिस समय यह दुर्घटना हुई उस दौरान सड़क पर अन्य वाहन या राहगीर मौजूद नहीं थे, अन्यथा कोई बड़ा हादसा हो सकता था।
फिलहाल घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग दुर्घटना के कारणों को लेकर सवाल उठा रहे हैं।












































