संविधान दिवस पर कलेक्ट्रेट, जिला पंचायत कार्यालय, विद्यालयों एवं छात्रावासों में हुआ उद्देशिका का सामूहिक वाचन
विद्यार्थियों एवं युवाओं को संविधान के मूल्यों, आदर्शों एवं मौलिक कर्तव्यों के प्रति किया गया जागरूक
अनूपपुर 26 नवम्बर 2026/ संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवम्बर को जिलेभर में विभिन्न शासकीय कार्यालयों, विद्यालयों एवं छात्रावासों में संविधान दिवस के अंतर्गत कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कलेक्ट्रेट कार्यालय परिसर में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व जैतहरी श्री कमलेश पुरी ने भारत के संविधान की उद्देशिका का वाचन किया। इस दौरान संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन में संचालित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन कर संविधान के मूल्यों, आदर्शों एवं सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इसी क्रम में जिला पंचायत कार्यालय परिसर सहित जिले की सभी जनपद पंचायतों, पंचायतीराज संस्थाओं, शासकीय कार्यालयों एवं शिक्षण संस्थाओं में भी संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन किया गया। जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं छात्रावासों में आयोजित कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को संविधान की उद्देशिका का वाचन कराया गया तथा भारतीय संविधान के महत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों, नागरिकों के मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी दी गई। कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों एवं युवाओं को संविधान के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया गया।
उल्लेखनीय है कि भारतीय संविधान को 26 नवम्बर 1949 को संविधान सभा द्वारा अंगीकृत किया गया था। इसी ऐतिहासिक दिवस की स्मृति में प्रतिवर्ष 26 नवम्बर को संविधान दिवस मनाया जाता है।












































