संविधान के मूल्यों के अनुरूप हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य कर रही केंद्र सरकार : जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम
भाजपा जिला कार्यालय में मनाया गया संविधान दिवस, बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर को पुष्पांजलि अर्पित कर किया नमन
![]()
अनूपपुर। संविधान दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय अनूपपुर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान भारतीय संविधान के मुख्य शिल्पकार भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की तथा उनके योगदान को याद किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष हीरा सिंह श्याम ने कहा कि भारतीय संविधान देश के लोकतंत्र की आत्मा है, जो प्रत्येक नागरिक को न्याय, समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व का अधिकार प्रदान करता है। संविधान निर्माण में बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर की ऐतिहासिक भूमिका के लिए देश सदैव उनका ऋणी रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार संविधान के मूल्यों के अनुरूप समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान और कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए जिलाध्यक्ष श्री श्याम ने कहा कि आज संविधान की रक्षा की बात करने वाली कांग्रेस के शासनकाल में ही संविधान में सर्वाधिक संशोधन किए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है, जबकि भाजपा लोकतांत्रिक परंपराओं और संवैधानिक मूल्यों के सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष रामदास पुरी एवं अनिल गुप्ता ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए संविधान की महत्ता और उसके आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने की अपील की।
कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी , कार्यसमिति , मण्डल अध्यक्ष, मण्डल महामंत्री, मोर्चा जिलाध्यक्ष , महामंत्री, समस्त प्रकोष्ठ पदाधिकारी , नगरपालिका / नगरपरिषद अध्यक्ष- उपाध्यक्ष व पार्षद , एवं कार्यकर्ताओं ने संविधान की गरिमा बनाए रखने तथा उसके सिद्धांतों का पालन करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला महामंत्री सिद्धार्थ शिव सिंह ने किया तथा आभार जिला सह कोषाध्यक्ष रामनारायण उरमालिया ने व्यक्त किया।














































