अनूपपुर 24 नवंबर 2026/ कलेक्टर श्री रत्नाकर झा के मार्गदर्शन में जन अभियान परिषद के नेतृत्व में विकासखंड अनूपपुर के सेक्टर क्रमांक-1 अंतर्गत ग्राम देवरी के रानी सागर रोड स्थित कदम नाला में जल संचयन अभियान के तहत सामूहिक श्रमदान से बोरी बंधान कार्य किया गया।
कार्यक्रम में नवांकुर संस्था, प्रस्फुटन समितियों, सीएमसीएलडीपी के विद्यार्थियों, परामर्शदाताओं एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। सभी ने रेत एवं मिट्टी से भरी बोरियों के माध्यम से नाले में बोरी बंधान कर जल संरक्षण की दिशा में श्रमदान किया।
इस पहल का उद्देश्य वर्षा जल का संचयन कर भूजल स्तर में वृद्धि करना तथा आसपास के जल स्रोतों को संरक्षित एवं पुनर्जीवित करना है। इस दौरान ग्रामीणों को जल संरक्षण के महत्व की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक लोगों को जल संचयन के लिए प्रेरित किया गया। उपस्थितजनों ने जल स्रोतों के संरक्षण एवं भविष्य के लिए पानी बचाने का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम में नवांकुर संस्था के सचिव श्री नागेंद्र सिंह, परामर्शदाता श्रीमती शारदा चौरसिया, श्री अनिल सिंह परिहार, प्रस्फुटन समिति देवरी, पयारी एवं दैखल, नगर विकास प्रस्फुटन समिति अनूपपुर के सदस्य तथा सीएमसीएलडीपी के विद्यार्थी दीपक पटेल, अखिलेश रौतेल, पन्नूलाल, सविता पारस, अंजली केवट, रूबी सिंह, उमा यादव, रजनी, किरण, मंजुलता सिंह सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे।












































