- एसपी रत्ना सिंह के निर्देश पर फरार वारंटियों की धरपकड़ तेज, न्यायालयीन कार्यवाही से बच रहे लोगों के खिलाफ पुलिस की सख्ती
चिरमिरी। अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ न्यायालयीन मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों की गिरफ्तारी को लेकर चिरमिरी पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। इस अभियान के तहत पुलिस ने 23 नवंबर को एक बड़ी कार्यवाही करते हुए कुल 10 स्थायी वारंटों की तामिली की।
पुलिस अधीक्षक एमसीबी श्रीमती रत्ना सिंह (आईपीएस) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा एवं नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना चिरमिरी पुलिस द्वारा फरार स्थायी वारंटियों की तलाश और धरपकड़ के लिये अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए एक ही दिन में 10 स्थायी वारंटों की तामिली कर न्यायालयीन प्रक्रिया से बच रहे वारंटियों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही की है।
पुलिस की इस कार्यवाही को फरार वारंटियों के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इससे स्पष्ट है कि लंबित न्यायालयीन मामलों में वारंटियों की धरपकड़ को लेकर पुलिस लगातार गंभीरता से काम कर रही है। चिरमिरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों पर नियंत्रण, कानून व्यवस्था बनाये रखने और न्यायालय से जारी वारंटों की तामिली के लिये अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।












































