ब्यूरो रिपोर्ट शैलेंद्र जोशी
धार। धार-महू लोकसभा क्षेत्र की सांसद एवं केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर ने धार रेलवे स्टेशन पर चल रहे विकास एवं निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने रेल परिचालन प्रारंभ होने से पूर्व स्टेशन पर की जा रही तैयारियों एवं यात्री सुविधाओं का जायजा लिया तथा रेलवे अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
श्रीमती ठाकुर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परिचालन प्रारंभ होने से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयसीमा में पूर्ण की जाएं, ताकि यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिल सके। उन्होंने सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल एवं प्रकाश व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा।
उन्होंने कहा कि धार रेलवे स्टेशन पर हो रहे विकास कार्यों को देखकर मन प्रसन्नता और गौरव से भर जाता है। आजादी के बाद पहली बार धार में रेल परिचालन प्रारंभ होने जा रहा है, जो क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक एवं अविस्मरणीय सौगात है।
उन्होंने इस सौगात के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव जी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार के समन्वित प्रयासों से जनजातीय बहुल क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहा है।
श्रीमती ठाकुर ने कहा कि रेल परिचालन प्रारंभ होना केवल आवागमन की सुविधा नहीं, बल्कि आर्थिक एवं सामाजिक प्रगति का नया अध्याय है। इससे विद्यार्थियों, व्यापारियों, श्रमिकों, किसानों, महिलाओं एवं आम नागरिकों को लाभ मिलेगा। साथ ही औद्योगिक गतिविधियों, स्थानीय व्यापार, पर्यटन और रोजगार को भी प्रोत्साहन मिलेगा। वे निरंतर प्रयासरत हैं कि धार को अधिक से अधिक रेल सेवाओं का लाभ मिले।












































