अलास्का के दो दिवसीय खेल महोत्सव में खेलों के साथ प्रतिभाओं का हुआ शानदार प्रदर्शन

---Advertisement---
  • क्रिकेट, कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन और दौड़ सहित कई प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाया दमखम, विजेताओं को ट्रॉफी देकर किया गया सम्मानित

मनेन्द्रगढ़। पढ़ाई के साथ खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों को जोड़कर विद्यार्थियों के लिये यादगार माहौल तैयार करने की दिशा में अलास्का कंप्यूटर सेंटर मनेन्द्रगढ़ की ओर से आयोजित दो दिवसीय खेल महोत्सव और आनंद मेला 2026 उत्साह और उमंग के बीच संपन्न हुआ। 20 और 21 नवंबर को आयोजित इस आयोजन में विद्यार्थियों ने खेल प्रतियोगिताओं के साथ साथ विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों और खाद्य स्टॉलों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
महोत्सव का आगाज 20 नवंबर को चनवारीडांड स्थित महुआ ग्राउंड में क्रिकेट प्रतियोगिता के साथ हुआ। इस अवसर पर चनवारीडांड की सरपंच सोनू दीदी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं वहीं नगर पालिका परिषद मनेन्द्रगढ़ के वार्ड क्रमांक 5 के पार्षद मोहम्मद इमरान विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया और खेलों को विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

आयोजन के दूसरे दिन 21 नवंबर को आमाखेरवा रोड स्थित प्रगति पार्क मैदान में खेल प्रतियोगिताओं के साथ आनंद मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद मनेन्द्रगढ़ के नेता प्रतिपक्ष अनिल प्रजापति मुख्य अतिथि तथा वार्ड क्रमांक 4 के पार्षद जमील शाह और वार्ड क्रमांक 7 की पार्षद कृतिका जैन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

 

दूसरे दिन मैदान में खेलों को लेकर विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बना। बालक और बालिका वर्ग में कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन और 100 मीटर दौड़ सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इसके अलावा ग्लास कलेक्शन, बालिका वर्ग की ब्लाइंड वॉक और पेंसिल जम्पिंग जैसी रोचक गतिविधियों ने आयोजन में मनोरंजन का रंग भर दिया। अलग अलग प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने पूरे आत्मविश्वास और खेल भावना के साथ भाग लेकर अपनी क्षमता का परिचय दिया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि अनिल प्रजापति ने कहा कि विद्यार्थियों के जीवन में शिक्षा और खेल दोनों का विशेष महत्व है। खेलकूद से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामूहिक रूप से कार्य करने की भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों में भागीदारी विद्यार्थियों के व्यक्तित्व को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने अलास्का कंप्यूटर सेंटर की इस पहल की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को निरंतर आगे बढ़ने के लिये प्रेरित किया। विशिष्ट अतिथि जमील शाह ने कहा कि प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करती हैं। खेल में जीत और हार से अधिक महत्वपूर्ण सहभागिता, मेहनत और खेल भावना होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा और खेल दोनों क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन कर अपने परिवार और संस्था का गौरव बढ़ाने का आह्वान किया।

आनंद मेले में विद्यार्थियों ने संभाली स्टॉल की जिम्मेदारी

खेल प्रतियोगिताओं के बीच आयोजित आनंद मेला भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। विद्यार्थियों ने स्वयं विभिन्न खाद्य पदार्थों के स्टॉल लगाये जहां फुलकी, मोमोज, चाइनीज पकौड़ा और झालमुड़ी सहित कई व्यंजनों का आनंद लिया गया। स्टॉल संचालन के दौरान विद्यार्थियों को आपसी तालमेल, समूह में काम करने, प्रबंधन और व्यवहारिक कौशल सीखने का अवसर मिला। खेलों के रोमांच के साथ स्वाद और मनोरंजन का यह संगम आयोजन को और खास बना गया।
दो दिवसीय महोत्सव के समापन पर अतिथियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता विद्यार्थियों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया साथ ही अन्य प्रतिभागियों की भी सराहना करते हुए उनका मनोबल बढ़ाया।

इस सफल आयोजन में संस्था के संचालक मोहम्मद फिरोज मंसूरी एवं रुहीन मंसूरी का मार्गदर्शन रहा। संस्था के शिक्षक शिक्षिकाओं ने भी आयोजन को व्यवस्थित और सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अंत में संस्था संचालक ने अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, अभिभावकों तथा आयोजन में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment