विजय शंकर सोनी अनूपपुर :— नगर पालिका परिषद कोतमा में सत्ता के मद और प्रशासनिक निरंकुशता ने शहर की ऐतिहासिक जल धरोहरों को बर्बादी के मुहाने पर ला खड़ा किया है। कोतमा नगर पालिका अध्यक्ष अजय सराफ और मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) नीलम सिंह चौहान के कार्यकाल में ‘नमामि गंगे अभियान’ और ‘स्वच्छता पखवाड़े’ जैसे सरकारी कार्यक्रम महज कागजी खानापूर्ति और जनता की आंखों में धूल झोंकने का जरिया बनकर रह गए हैं। जनप्रतिनिधियों की घोर संवेदनहीनता और अधिकारियों की बेलगाम कार्यप्रणाली के चलते शहर के प्राचीन तालाब और बारहमासी प्राकृतिक नाले अपना अस्तित्व खो रहे हैं, जिसका सीधा और गंभीर नुकसान कोतमा की आम जनता, श्रद्धालुओं और गरीब परिवारों को उठाना पड़ रहा है।
- प्रशासनिक आदेशों की सरेआम धज्जियां, सीवर में तब्दील हुआ केरहा नाला
कोतमा से मनेंद्रगढ़ जाने वाले मार्ग पर स्थित ऐतिहासिक व बारहमासी केरहा नाला, जो करीब दो दशक पहले तक स्थानीय नागरिकों की गहरी आस्था और पवित्र स्नान का प्रमुख केंद्र हुआ करता था, आज नगर पालिका की घोर नाकामी का सबसे बड़ा जीवंत सबूत बन चुका है। शहर की अनियोजित बसाहट और नालियों के निर्माण में प्राकृतिक ढाल की अनदेखी के कारण घरों व बस्तियों का गंदा सीवर बिना किसी ट्रीटमेंट के सीधे इस प्राकृतिक नाले में उड़ेला जा रहा है। नाले के ठीक समीप मंदिर स्थित होने के बावजूद यहां इतनी भीषण सड़ांध और गंदगी व्याप्त है कि श्रद्धालुओं का वहां खड़ा होना तक दूभर हो गया है। सबसे शर्मनाक और चौंकाने वाला पहलू यह है कि वर्ष 2022 में तत्कालीन एसडीएम विजय डेहरिया ने सीवर का गंदा पानी नाले में मिलने से रोकने के सख्त निर्देश दिए थे, लेकिन नपा अध्यक्ष अजय सराफ और सीएमओ नीलम सिंह चौहान ने प्रशासनिक आदेशों को खुलेआम ठेंगा दिखाकर जनहित के साथ घोर खिलवाड़ किया है।
- पूर्व अध्यक्ष की मंशा पर फेरा पानी, गरीबों के निस्तार का छीना हक
यही बदहाली वार्ड क्रमांक 4 मुक्तिधाम के पास स्थित केरहा नाले की भी है। यहां पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष स्वर्गीय राजेश सोनी ने जनहित की भावना से बांध का निर्माण कराया था। उनकी स्पष्ट मंशा थी कि आसपास रहने वाले गरीब परिवारों को दैनिक निस्तार के लिए स्वच्छ पानी उपलब्ध हो सके और लोग यहां स्नान कर सकें। लेकिन वर्तमान नगर पालिका प्रशासन की घोर लापरवाही के कारण सीवर का दूषित पानी इस जल स्रोत में भी मिल गया है, जिससे यह पूरी तरह गंदगी से पट चुका है और गरीब तबके के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
- दो साल से फाइलों में दफन STP, बजट के नाम पर जनता से छलावा
शहर के दूषित पानी के स्थायी उपचार और जल स्रोतों को बचाने के लिए प्रस्तावित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) दो साल बीत जाने के बाद भी सरकारी फाइलों में धूल फांक रहा है। शासन को प्रस्ताव भेजे जाने के बाद बजट स्वीकृत न होने का खोखला राग अलापकर नगर पालिका अध्यक्ष और सीएमओ अपनी संवैधानिक जिम्मेदारियों से पल्ला झाड़ रहे हैं। नेतृत्व की कमजोर राजनीतिक इच्छाशक्ति और अधिकारियों की सुस्ती ने इस बेहद महत्वपूर्ण और जनोपयोगी परियोजना को पूरी तरह पंगु बना दिया है।
- कचरा डंपिंग जोन बना प्राचीन तालाब, अतिक्रमणकारियों को अभयदान
वार्ड क्रमांक 7 में रेलवे लाइन के किनारे फैला करीब तीन एकड़ का प्राचीन तालाब नगर पालिका की घोर अनदेखी के कारण पूरे शहर का कचरा डंपिंग जोन बन चुका है। एक दशक पहले तक मूक पशुओं की प्यास बुझाने वाले इस तालाब में आज सिर्फ कचरे के ढेर और काला गंदा पानी नजर आता है। वहीं, वार्ड 7 के बनिया टोला मुख्य मार्ग पर भी गंदगी के अंबार लगे हैं, जहां आवारा मवेशी कचरा खाने को विवश हैं। इसके साथ ही, शहर के सदाबहार तालाबों की मेड़ से शुरू हुआ अतिक्रमण अब पक्के निर्माणों में बदल चुका है। नगर पालिका और राजस्व विभाग की कार्रवाई केवल कागजी पत्राचार तक सीमित रहने के कारण कई सार्वजनिक तालाब अब केवल सरकारी अभिलेखों में सिमट कर रह गए हैं, जिससे शहरवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है।













































