अब अनूपपुर जिले में पद के बोर्ड से नहीं, काम के आधार पर होगी भाजपा पदाधिकारियों की पहचान

---Advertisement---
  • भाजपा की मासिक बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय, पदाधिकारियों ने अपने वाहनों से तत्काल हटाए पदनाम के बोर्ड

अनूपपुर। भारतीय जनता पार्टी जिला संगठन की मासिक बैठक 13 नवंबर 2026 को नारायणी नेचर पार्क में आयोजित की गई। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में भाजपा जिला प्रभारी संजय साहू, जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम, जिला महामंत्री सिद्धार्थ सिंह एवं पुष्पेंद्र जैन सहित जिला पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चा-प्रकोष्ठों के जिला अध्यक्ष एवं मंडल अध्यक्ष उपस्थित रहे।
बैठक में संगठन की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, अनुशासित और कार्यकर्ता आधारित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया।

जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम के मार्गदर्शन में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि अब जिले में कोई भी भाजपा पदाधिकारी या कार्यकर्ता अपने निजी वाहनों पर संगठनात्मक पदनाम का बोर्ड नहीं लगाएगा। भाजपा में किसी की पहचान उसके पद या वाहन पर लगे बोर्ड से नहीं, बल्कि उसके संगठनात्मक समर्पण, जनसेवा और कार्यों के आधार पर स्थापित होगी।

इस निर्णय के तत्काल बाद बैठक में मौजूद पदाधिकारियों ने स्वयं पहल करते हुए अपने चार पहिया वाहनों से पदनाम के बोर्ड हटा दिए। इस पहल को संगठन में सादगी, अनुशासन और कार्यकर्ता की वास्तविक पहचान को प्राथमिकता देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी राजेश सिंह के माध्यम से जारी बयान में जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम ने कहा कि सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने आपसी सहमति और संगठनात्मक भावना के साथ यह निर्णय लिया है। अब प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता अपनी पहचान अपने पद के बोर्ड से नहीं, बल्कि अपने कार्य, व्यवहार, जनसेवा और संगठन के प्रति समर्पण से स्थापित करेगा।

जिला अध्यक्ष ने जिले के समस्त भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अपेक्षा की है कि जिनके भी निजी वाहनों पर संगठन के पदनाम वाले बोर्ड लगे हुए हैं, वे उन्हें तत्काल हटा दें और अपने कार्यों के माध्यम से पार्टी एवं संगठन की पहचान को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि संगठन में पद महत्वपूर्ण होने के साथ-साथ जिम्मेदारी भी है और प्रत्येक कार्यकर्ता की असली पहचान उसका काम है। उपरोक्त जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी राजेश सिंह द्वारा दी गई।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment