केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) के निर्देशानुसार देशभर के मंत्रालयों, विभागों, संस्थानों एवं सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में 26 अक्टूबर से 01 नवंबर 2026 तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है। इस वर्ष की विषयवस्तु (थीम) ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ है। जागरूकता अभियान के अंतर्गत बीसीसीएल मुख्यालय एवं विभिन्न क्षेत्रों में विविध कार्यक्रमों एवं गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
इसी क्रम में आज कोयला भवन मुख्यालय में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में अधिकारियों के लिए ‘समृद्धि के लिए सत्यनिष्ठा: सतत संगठनात्मक विकास हेतु नैतिक नेतृत्व एवं निवारक सतर्कता’ तथा कर्मचारियों के लिए ‘समृद्धि के लिए सत्यनिष्ठा: भ्रष्टाचार की रोकथाम में प्रत्येक कर्मचारी की भूमिका’ विषय निर्धारित किए गए थे। कोयला भवन मुख्यालय के विभिन्न विभागों से अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों को हिंदी एवं अंग्रेजी, दोनों भाषाओं में अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया।
प्रतिभागियों ने अपने निबंधों के माध्यम से कार्यस्थल पर ईमानदारी एवं नैतिक आचरण के महत्व, भ्रष्टाचार की रोकथाम में व्यक्तिगत जिम्मेदारी, पारदर्शी कार्यप्रणाली, जवाबदेही तथा निवारक सतर्कता की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर अपने विचार व्यक्त किए। इस पहल का उद्देश्य संगठनात्मक कार्यसंस्कृति में सत्यनिष्ठा को बढ़ावा देने तथा प्रत्येक कर्मचारी को सतर्कता के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के निर्वहन हेतु प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम का संचालन श्री दीपक रजक, प्रबंधक (सिविल/सतर्कता) तथा श्री संतोष कुमार, उप प्रबंधक (मानव संसाधन/सतर्कता) ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर सतर्कता विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।







































































