SND योगा ग्रुप ने दिखाया जज्बा और मेहनत, शबनम सिंह की निःशुल्क सेवा बनी बच्चों के लिए प्रेरणा
योगा टीचर शबनम सिंह और सहयोगियों ने 101 लोगों को कराया निःशुल्क योगाभ्यास, गरबा डांस सीखने वाले बच्चों को किया सम्मानित
जमुना कॉलरी, अनूपपुर। SND योगा ग्रुप के माध्यम से योगा टीचर शबनम सिंह ने अपने जज्बे, मेहनत और सेवा भावना की मिसाल पेश की। शबनम सिंह अपने सहयोगियों पूजा केवट और अंजनी सिंह के साथ लोगों को निःशुल्क योग प्रशिक्षण देकर उन्हें शरीर को स्वस्थ रखने और नियमित योगाभ्यास के प्रति जागरूक कर रही हैं। उनके इस प्रयास से लगभग 101 लोगों को निःशुल्क योग सिखाया गया।
नवरात्रि के दौरान शबनम सिंह ने योग प्रशिक्षण के साथ 56 बच्चों को गरबा डांस भी सिखाया। कार्यक्रम में बच्चों ने उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों की मेहनत और कला को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से गरबा डांस की शिक्षिका को ₹2,100 की नकद प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। वहीं, प्रत्येक बच्चे को ₹100 की राशि और टॉफी-प्लेट देकर सम्मानित किया गया
बच्चों ने की शबनम मैम की तारीफ
जब बच्चों से उनके अनुभव के बारे में बात की गई, तो उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए शबनम सिंह की जमकर सराहना की। बच्चों ने कहा कि शबनम मैम जैसी शिक्षिका बहुत कम मिलती हैं, जो बिना किसी शुल्क के अपना समय और मेहनत देकर बच्चों को योग और गरबा डांस सिखाती हैं। उनके मार्गदर्शन में बच्चों को सीखने, अपनी प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने का अवसर मिला
शबनम सिंह की यह पहल बताती है कि समाज में बदलाव लाने के लिए केवल बड़े संसाधनों की नहीं, बल्कि सेवा भावना, समर्पण और मेहनत की भी जरूरत होती है। योग के माध्यम से स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और नृत्य के माध्यम से बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहन देना सराहनीय प्रयास है
संदेश: निःशुल्क सेवा, स्वस्थ शरीर और बच्चों की प्रतिभा को सम्मान यही है SND योगा ग्रुप की सकारात्मक पहल।






































































