- जनसंख्या गणना की प्रक्रिया एवं डिजिटल माध्यम से जानकारी संकलन के संबंध में दी गई जानकारी
अनूपपुर 14 अक्टूबर 2026/ भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अंतर्गत जनगणना कार्य निदेशालय, मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों के लिए जिला पंचायत सभागार अनूपपुर में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम बुधवार को संपन्न हुआ। कलेक्टर श्री रत्नाकर झा के निर्देशानुसार आयोजित प्रशिक्षण में जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनसंख्या गणना की प्रक्रिया, प्रशासनिक दायित्वों तथा तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान भोपाल से आए मास्टर ट्रेनर एवं प्रभारी जनगणना अधिकारी श्री गिरीश कुमार शुक्ला तथा श्री महेन्द्र यादव ने जनगणना की परिचालन प्रक्रिया, सीएमएमएस पीई मॉड्यूल, गणना ब्लॉकों के गठन एवं तकनीकी कार्यों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। प्रशिक्षण में अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी, अनुविभागीय जनगणना अधिकारी, चार्ज जनगणना अधिकारी, अतिरिक्त चार्ज जनगणना अधिकारी, जनगणना लिपिक एवं तकनीकी सहायकों को जनगणना संबंधी प्रक्रियाओं और दायित्वों से अवगत कराया गया।
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि जनगणना के द्वितीय चरण में प्रगणकों द्वारा प्रत्येक परिवार से 40 प्रकार की जानकारियां प्राप्त की जाएंगी। इन जानकारियों का संकलन डिजिटल माध्यम से किया जाएगा। गणना कार्य की शुद्धता एवं विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्धारित प्रश्नावली, जानकारी संकलित करने की विधि तथा तकनीकी प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। साथ ही प्रशिक्षण के प्रत्येक बिंदु को गंभीरता से समझने, किसी भी प्रकार की शंका का तत्काल समाधान प्राप्त करने तथा जनगणना कार्य को जिम्मेदारीपूर्वक एवं निर्धारित समय-सीमा में संपन्न कराने पर जोर दिया गया।
उल्लेखनीय है कि जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मध्यप्रदेश में 1 मई से 30 मई 2026 तक मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य संपन्न किया जा चुका है। द्वितीय चरण में फरवरी 2027 में जनसंख्या गणना प्रस्तावित है। इसके लिए कलेक्टर श्री रत्नाकर झा के निर्देशानुसार जिले में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षित कर आगामी गणना कार्य की तैयारियों को गति दी जा रही है।






































































