कटगोड़ी आईटीआई में पुलिस ने विद्यार्थियों को सिखाये साइबर सुरक्षा के गुर, यातायात नियमों के प्रति भी किया जागरूक
ऑनलाइन ठगी से बचने, ओटीपी साझा नहीं करने और सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने का दिया संदेश, कार्यक्रम में 110 लोग हुए शामिल
कोरिया। साइबर अपराधों के बढ़ते खतरे और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर जिला कोरिया पुलिस द्वारा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में बुधवार 14 अक्टूबर 2026 को कटगोड़ी स्थित आईटीआई में साइबर एवं यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने संस्थान के छात्र छात्राओं और कर्मचारियों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताये और यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित सफर करने के लिये प्रेरित किया
पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में थाना प्रभारी सोनहत निरीक्षक अनिल किंडो, यातायात प्रभारी उप निरीक्षक बीरबल राजवाड़े, थाना स्टाफ, यातायात पुलिस और साइबर स्टाफ मौजूद रहे। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा और सड़क सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां देते हुए सतर्कता को ही बचाव का प्रमुख माध्यम बताया।
ओटीपी और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा करने से बचें
कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी सोनहत निरीक्षक अनिल किंडो ने साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों, ऑनलाइन ठगी, फर्जी फोन कॉल और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि साइबर अपराधी लोगों को अलग अलग तरीकों से अपने जाल में फंसाकर उनकी व्यक्तिगत और बैंक संबंधी जानकारी हासिल करने का प्रयास करते हैं। ऐसे में किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में आने से बचना जरूरी है। उन्होंने छात्र छात्राओं और संस्थान के कर्मचारियों को समझाइश दी कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम पिन, बैंक खाते की जानकारी अथवा अन्य गोपनीय विवरण साझा ना करें। किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और अनजान स्रोतों से प्राप्त संदेशों पर भरोसा करने से भी बचें। यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाता है तो उसे बिना देर किये साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिये ताकि समय रहते आवश्यक कार्यवाही की जा सके।
हेलमेट और सीट बेल्ट को बताया सुरक्षा का जरूरी हिस्सा
यातायात प्रभारी उप निरीक्षक बीरबल राजवाड़े ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी देते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक वाहन चालक की जिम्मेदारी है। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाना, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करना और निर्धारित गति सीमा का पालन करना बेहद जरूरी है। उन्होंने नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की भी सख्त समझाइश दी। उन्होंने बताया कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिये वाहन चलाते समय स्वयं की सुरक्षा के साथ दूसरे राहगीरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखना चाहिये।विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक रहकर अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी सुरक्षित वाहन चलाने के लिये प्रेरित करने की बात कही गई
घायलों की मदद करने के लिये किया गया प्रेरित
कार्यक्रम में राहवीर योजना और सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों के कैशलेस उपचार की सुविधा के संबंध में भी जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि दुर्घटना में घायल व्यक्ति की समय पर मदद करना महत्वपूर्ण है। लोगों को दुर्घटना देखकर अनदेखा करने के बजाय सहायता के लिये आगे आना चाहिये। जागरूक नागरिक के रूप में घायलों की मदद करना और यातायात नियमों का पालन करना सड़क दुर्घटनाओं से होने वाले नुकसान को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है
110 विद्यार्थियों और कर्मचारियों ने लिया हिस्सा
कटगोड़ी आईटीआई में आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम में लगभग 100 छात्र छात्राएं और संस्थान के 10 कर्मचारी शामिल हुए। इस प्रकार कुल करीब 110 लोगों ने कार्यक्रम में सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और कर्मचारियों को साइबर अपराधों के प्रति सजग बनाना, ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी देना और यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार व्यवहार विकसित करना रहा
जिला कोरिया पुलिस द्वारा पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर के निर्देशानुसार जिले के शैक्षणिक संस्थानों सहित विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। इन पहलों के माध्यम से साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आम नागरिकों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है।
कोरिया पुलिस की अपील
ऑनलाइन लेनदेन के दौरान सतर्क रहें, अपनी गोपनीय बैंकिंग जानकारी किसी से साझा ना करें और यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद के लिये आगे आयें क्योंकि आपकी सतर्कता और जिम्मेदारी किसी की जान बचाने में अहम साबित हो सकती है







































































