अनूपपुर 13 अक्टूबर 2026/ प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) जरूरतमंद परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराने में मददगार साबित हो रही है। योजना से लाभान्वित बिजुरी के वार्ड क्रमांक 03, मैरटोला निवासी श्री सुखबदन बैगा पिता श्री पचैया बैगा का पक्के घर का सपना पूरा हुआ है। मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले सुखबदन बैगा के लिए स्वयं का पक्का मकान बनाना आर्थिक रूप से संभव नहीं था। पहले उनका परिवार ऐसे मकान में रहता था, जहां बरसात के दिनों में छत से पानी टपकने के कारण परेशानी होती थी।
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) की जानकारी मिलने पर श्री सुखबदन बैगा ने नगर पालिका परिषद बिजुरी में योजना के तहत आवेदन किया। पात्रता के आधार पर उन्हें 2.50 लाख रुपये की अनुदान राशि स्वीकृत हुई। इस सहायता से उन्होंने अपने परिवार के लिए पक्के मकान का निर्माण कराया।
अब श्री सुखबदन बैगा अपने परिवार के साथ पक्के मकान में रह रहे हैं। आवास मिलने से परिवार को सुरक्षित रहने का स्थान मिला है। साथ ही बच्चों को घर में बैठकर पढ़ाई करने के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध हुआ है। पक्का मकान बनने से परिवार को बरसात के दिनों में होने वाली परेशानियों से राहत मिली है।
प्रधानमंत्री आवास योजना से लाभान्वित श्री सुखबदन बैगा ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि पक्का मकान मिलने से उनके परिवार को बड़ी राहत मिली है। अब परिवार सुरक्षित आवास में रह रहा है और बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए भी अनुकूल वातावरण उपलब्ध हुआ है।





































































