मां शीतला की महाआरती में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, पत्रकार मंडली ने किया भंडारे का आयोजन
नवरात्र के पहले दिन भक्तिमय हुआ शीतला माता की मढ़िया परिसर, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने की सहभागिता

मनेन्द्रगढ़। शारदीय नवरात्र के प्रथम दिवस पर मनेन्द्रगढ़ में आस्था और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। मां दुर्गा की आराधना के साथ नगर के प्रसिद्ध शीतला माता की मढ़िया में मनेन्द्रगढ़ पत्रकार मंडली की ओर से भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। मां के जयकारों और आरती की गूंज से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। इस अवसर पर पत्रकारों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और नगर के गणमान्य नागरिकों ने मां शीतला के दरबार में मत्था टेककर सुख समृद्धि और खुशहाली की कामना की
नवरात्र के शुभारंभ पर आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने पूरे विधिविधान के साथ मां शीतला की पूजाअर्चना की। महाआरती के दौरान श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आये। दीपों की रोशनी, आरती की गूंज और माता के जयकारों ने माहौल को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया। आयोजन के माध्यम से जहां धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का प्रयास किया गया वहीं सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव का संदेश भी दिया गया।
महाआरती के बाद विशाल भंडारा, श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
महाआरती के बाद मनेन्द्रगढ़ पत्रकार मंडली की ओर से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। लोगों ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया। नवरात्र के पहले दिन पूजा अर्चना के साथ सेवा और समर्पण की भावना से संपन्न इस आयोजन में सामाजिक सहभागिता भी देखने को मिली।
पत्रकार मंडली के सदस्यों ने धार्मिक आयोजन में अपनी भागीदारी निभाते हुए नगर की सुख शांति और समृद्धि के लिये मां से प्रार्थना की। महाआरती और भंडारे के माध्यम से श्रद्धा, सेवा और सामाजिक समरसता की परंपरा को मजबूत करने का संदेश दिया गया
जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों की रही मौजूदगी
इस अवसर पर मनेन्द्रगढ़ पत्रकार मंडली से सतीश गुप्ता, शुधुलाल वर्मा, प्रवीण निशी, नरेन्द्र अरोरा, कृष्णा वस्त्रकार, शराफत अली, सुरजीत रैना, धीरेंद्र विश्वकर्मा, महेंद्र प्रताप सिंह, राजेश सिन्हा, मृत्युंजय सोनी, अशोक श्रीवास्तव, बबलू जायसवाल और गोपाल रैकवार सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे वहीं नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिमा यादव, जिला कांग्रेस महामंत्री पूनम सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा, नगर निरीक्षक विवेक पाटले, चेंबर ऑफ कॉमर्स के प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज जैन, प्रदेश मंत्री संजीव ताम्रकार, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष राजकुमार केशरवानी और कैट जिलाध्यक्ष रघुनाथ पोद्दार सहित नगर के अनेक गणमान्य नागरिकों ने भी महाआरती में सहभागिता निभाई
शारदीय नवरात्र के प्रथम दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम ने नगर में धार्मिक उत्साह को और बढ़ाया। मां शीतला के दरबार में शीश नवाकर श्रद्धालुओं ने क्षेत्र में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की मंगलकामना की






































































