अनूपपुर 11 अक्टूबर 2026/ अमरकंटक के वार्ड क्रमांक 12 मेन मार्केट निवासी सुनीता साहू मनिहारी की दुकान संचालित करती हैं। दुकान पर नारियल एवं प्रसाद से संबंधित सामग्री का विक्रय कर वे अपने परिवार की आजीविका में सहयोग करती हैं। सीमित पूंजी के कारण दुकान की मरम्मत और व्यवसाय की जरूरतों को पूरा करना उनके लिए चुनौतीपूर्ण था। वे अपने छोटे व्यवसाय को बेहतर बनाने के लिए प्रयासरत थीं।
नगर परिषद अमरकंटक के माध्यम से प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना की जानकारी मिलने पर सुनीता साहू ने योजना का लाभ लिया। भारतीय स्टेट बैंक, अमरकंटक से उन्हें 50 हजार रुपये का ऋण प्राप्त हुआ। इस आर्थिक सहायता से उन्हें अपने व्यवसाय की आवश्यकताओं को पूरा करने और दुकान का संचालन सुचारू रूप से करने में मदद मिली।
योजना से मिले ऋण के बाद सुनीता साहू के व्यवसाय में सुधार हुआ और उनकी आमदनी बढ़ाने में सहायता मिली। इससे परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूती मिली। स्वनिधि से समृद्धि योजना के अंतर्गत उनके परिवार के सदस्यों की प्रोफाइलिंग भी की गई, जिससे अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने का अवसर मिला।
सुनीता साहू के लिए पीएम स्वनिधि योजना छोटे व्यवसाय को आगे बढ़ाने का माध्यम बनी है। वे इस आर्थिक सहायता को अपने कारोबार के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए योजना के माध्यम से सहयोग प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करती हैं।







































































