जमीन बेचने के विवाद में बेटे ने की पिता की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
पानी के पाइप से मारपीट के कारण पिता की हुई मौत, पुलिस ने आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा
मनेन्द्रगढ़। जमीन बेचने के लिये दबाव बनाने को लेकर हुए विवाद में बेटे द्वारा अपने ही पिता की हत्या किये जाने का मामला सामने आया है। मनेन्द्रगढ़ थाना क्षेत्र के लालपुर में हुई इस घटना में कोतवाली पुलिस ने आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 8 अक्टूबर 2026 को लालपुर निवासी ऋषि कुमार सूर्यवंशी अपने घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत अवस्था में पाये गये थे। मृतक के शरीर पर चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक एमसीबी रत्ना सिंह (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा के निर्देशन में घटनास्थल का एफएसएल अधिकारी से निरीक्षण कराया गया
जांच के दौरान गवाहों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पता चला कि 7 अक्टूबर को मृतक के बेटे रवि कुमार सूर्यवंशी ने जमीन बेचने के लिये अपने पिता पर दबाव बनाया था। इसी बात को लेकर हुए विवाद के दौरान आरोपी ने पानी के पाइप से अपने पिता के साथ मारपीट की। पुलिस जांच के अनुसार मारपीट से मृतक के शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर अंदरूनी चोटें आईं जिसके चलते उनकी मृत्यु हो गई। प्रारंभ में थाना मनेन्द्रगढ़ में मर्ग क्रमांक 73/2026 के तहत धारा 194 बीएनएसएस के अंतर्गत जांच की जा रही थी। जांच के दौरान संदेह के आधार पर मृतक के पुत्र रवि कुमार सूर्यवंशी से पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद मामले में अपराध दर्ज कर आगे की विवेचना की गई जिसमें हत्या के मामले में उसकी संलिप्तता सामने आई
पुलिस ने आरोपी रवि कुमार सूर्यवंशी उम्र 27 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 06 लालपुर मनेन्द्रगढ़ को 10 अक्टूबर 2026 को शाम 4:30 बजे विधिवत गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद उसे रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्यवाही जारी है
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक पाटले, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक विकास देवांगन, सहायक उपनिरीक्षक चेतन राजवाड़े, प्रधान आरक्षक विवेकमणि तिवारी आरक्षक प्रमित सिंह और आजाद का योगदान रहा



































































