कोयला भवन मुख्यालय में कल्याण समिति की बैठक का आयोजन  

---Advertisement---

कोयला भवन मुख्यालय, बीसीसीएल में आज कल्याण समिति की बैठक आयोजित की गई। अध्यक्षता सीएमडी बीसीसीएल श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने की। इस अवसर पर निदेशक (तकनीकी/संचालन) श्री संजय कुमार सिंह, निदेशक (वित्त/मानव संसाधन) श्री राजेश कुमार, निदेशक (तकनीकी/योजना एवं परियोजना) श्री राजीव कुमार सिन्हा, सीएमएस डॉ. कल्याण सरकार, सीएमओ (सीएचडी) डॉ. बंदना सहित क्षेत्रीय महाप्रबंधकगण, कोयला भवन मुख्यालय के महाप्रबंधक/विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, क्षेत्रीय प्रबंधक (मानव संसाधन) तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

बैठक में कल्याण बोर्ड के सम्मानित सदस्य श्री निताई महतो (BCKU), श्री अशोक कुमार साव (BCMU), श्री के.के. सिंह (DCKS), श्री संजीत सिंह (JMS), श्री एस.एस. डे (KIMP) तथा श्री भवानी बंदोपाध्याय (UCWU) ने अपनी सक्रिय सहभागिता की।

कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ स्वागत संबोधन, राष्ट्रगीत तथा कोल इंडिया कॉरपोरेट गीत के साथ हुआ। इस अवसर पर सीएमडी एवं निदेशकगण ने प्रबंधन की ओर से उपस्थित कल्याण बोर्ड के सभी सम्मानित सदस्यों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके उपरांत बैठक की कार्यवाही प्रारंभ हुई।

बैठक में सर्वप्रथम पिछली बैठक के कार्यवृत्त का अनुमोदन किया गया तथा पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की स्थिति की समीक्षा की गई। इसके बाद उपस्थित सदस्यों ने कर्मचारी कल्याण, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं, आधारभूत संरचना, श्रमिक कल्याण तथा कर्मचारियों के हितों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार एवं सुझाव प्रस्तुत किए।

सदस्यों ने इस दौरान केंद्रीय अस्पताल में मरीजों की अत्यधिक भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए टोकन प्रणाली लागू करने, ठेका श्रमिकों के वेतन संबंधी विसंगतियों को दूर करने के प्रयासों में तेजी लाने तथा क्षेत्रीय अस्पतालों की आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। इन विषयों पर प्रबंधन की ओर से सकारात्मक एवं सार्थक चर्चा की गई। संबंधित अधिकारियों ने विभिन्न कार्यों में हुई प्रगति तथा वर्तमान स्थिति से सदस्यों को अवगत कराया।

अपने संबोधन में सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि कर्मचारियों का कल्याण, उनकी स्वास्थ्य, सुरक्षा तथा बेहतर कार्य वातावरण एवं अन्य सुविधाएं कंपनी की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि कल्याण समिति प्रबंधन और श्रमिक प्रतिनिधियों के बीच संवाद का एक महत्वपूर्ण मंच है, जिसके माध्यम से कर्मचारियों से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श कर व्यावहारिक समाधान तलाशे जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों एवं श्रमिकों से जुड़े मामलों का संवेदनशीलता, पारदर्शिता और उत्तरदायित्व के साथ समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से आपसी समन्वय के माध्यम से लंबित विषयों पर प्रगति तेज करने तथा कर्मचारी कल्याण से जुड़ी व्यवस्थाओं को और प्रभावी बनाने का निर्देश दिया। इसके साथ ही उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध अतिरिक्त कार्यबल को विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यों एवं आवश्यक गतिविधियों में समायोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया

बैठक के दौरान कल्याण बोर्ड के सदस्यों ने पिछले कई महीनों के दौरान भू-धंसान की घटनाओं, गैस उत्सर्जन, अत्यधिक वर्षा सहित विभिन्न चुनौतियों के बावजूद सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन में कंपनी द्वारा विभिन्न परिचालन संकेतकों पर निरंतर प्रगति हेतु किए जा रहे विभिन्न प्रयासों की सराहना की। सदस्यों ने कहा कि कंपनी द्वारा किए जा रहे विभिन्न सुधारात्मक प्रयासों तथा व्यवस्थागत सुधारों से कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने की दिशा में सकारात्मक पहल हुई है। उन्होंने कोयले की गुणवत्ता सहित विभिन्न क्षेत्रों में सुधार के प्रयासों को भी महत्वपूर्ण बताया तथा कर्मचारी कल्याण से संबंधित पहलों को निरंतर आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

बैठक में चर्चा किए गए विभिन्न विषयों पर सदस्यों ने अपनी सहमति, सुझाव एवं विचार प्रस्तुत किए तथा प्रबंधन की ओर से विभिन्न मुद्दों पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कार्यक्रम का समापन विभागाध्यक्ष (कल्याण) श्रीमती किरण रानी नायक द्वारा प्रस्तुत धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment