विशेष अभियान 6 के अंतर्गत बीसीसीएल द्वारा डीएवी कोयला नगर में नेत्र जांच एवं जागरूकता शिविर का आयोजन

---Advertisement---

भारत सरकार के निर्देशानुसार बीसीसीएल में संचालित विशेष अभियान 6 के क्रियान्वयन चरण के अंतर्गत स्वास्थ्य एवं जागरूकता से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज डीएवी कोयला नगर में छात्रो के लिए नेत्र जांच एवं नेत्र स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को नेत्र संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान, उचित देखभाल एवं निवारक स्वास्थ्य उपायों के प्रति जागरूक करना रहा।

शिविर का संचालन सेंट्रल हॉस्पिटल, बीसीसीएल (सीएचडी) के चिकित्सकीय दल द्वारा किया गया, जिसका नेतृत्व नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. हरीश कुमार ने किया। इस दौरान छात्रों की दृष्टि की जांच की गई तथा अपवर्तन दोष (रिफ्रैक्टिव एरर) तथा अन्य नेत्र रोगों की पहचान के लिए आवश्यक परीक्षण किए गए, जिसके आधार पर छात्रों को चश्मे के उपयोग, दवाओं तथा अन्य चिकित्सकीय सहायता के संबंध में आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया।

चिकित्सकों ने प्रतिभागी छात्रों को नेत्र स्वास्थ्य के महत्व से अवगत कराते हुए आंखों की उचित देखभाल, नियमित नेत्र जांच तथा दृष्टि संबंधी समस्याओं की समय रहते पहचान के प्रति जागरूक किया और कहा कि आंखों से संबंधित समस्याओं की शीघ्र पहचान एवं समय पर चिकित्सकीय परामर्श से दृष्टि स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने में सहायता मिलती है। छात्रों को नेत्र स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, मोबाइल इत्यादि का कम से कम उपयोग करने  तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया गया।

इस शिविर से लगभग 150 विद्यार्थी लाभान्वित हुए। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों तक निवारक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के साथ-साथ उनमें नेत्र स्वास्थ्य एवं नियमित जांच के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।

इस अवसर पर डॉ. एच. यादव (डीएनबी), ऑप्टोमेट्रिस्ट श्री अर्पण नंदी, श्री अभिषेक कुमार, विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती डोला सी. बनर्जी, शिक्षिका श्रीमती मौसमी दास सहित चिकित्सा दल के अन्य सदस्य तथा विद्यालय के कर्मी  उपस्थित रहे।

बीसीसीएल द्वारा विशेष अभियान 6 के क्रियान्वयन चरण के दौरान स्वच्छता, ई-वेस्ट मैनेजमेंट सहित स्वास्थ्य जागरूकता, निवारक स्वास्थ्य सेवाओं एवं सामाजिक सरोकारों से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। आगामी दिनों में भी मुख्यालय एवं विभिन्न क्षेत्रों में स्वास्थ्य जांच शिविरों, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रमों तथा अन्य निर्धारित गतिविधियों के माध्यम से कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं समुदाय के बीच स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment