नवरात्रि को लेकर शांति समिति की बैठक, डीजे पर सख्ती से रोक
कोतमा। नवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से मनाए जाने को लेकर बुधवार को थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजस्व विभाग, पुलिस, नगर पालिका, बिजली विभाग, दुर्गा समितियों के पदाधिकारी, डीजे संचालक, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए। नगर में इस वर्ष 15 से अधिक स्थानों पर दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी
बैठक में प्रशासन ने दुर्गा समितियों को पंडाल निर्माण एवं आयोजन के दौरान आवश्यक सावधानियां बरतने के निर्देश दिए। स्पष्ट किया गया कि किसी भी पंडाल के कारण मुख्य मार्ग या आवागमन अवरुद्ध नहीं होना चाहिए। पंडालों में रात के समय सुरक्षा व्यवस्था जरूर रखे।
अनुमति के बाद ही बिजली कनेक्शन और डीजे का संचालन किया जाए
अस्थायी विद्युत कनेक्शन लेकर पंडालों में विद्युत सजावट करे,
अनुमति के बाद ही डीजे बजाया जा सकेगा। रात 10 बजे के बाद डीजे पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले डीजे संचालकों एवं समितियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
तहसीलदार दशरथ सिंह ने दुर्गा समितियों एवं डीजे संचालकों से अपील करते हुए कहा कि बिना अनुमति डीजे का उपयोग न करें। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर डीजे उपकरण जब्त करने के साथ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी
सफाई और यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर
बैठक में नवरात्रि के दौरान स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया। समितियों को कचरा सड़क के बीच या खुले स्थान पर नहीं फेंकने के निर्देश दिए गए। सार्वजनिक स्थानों एवं सड़क किनारे मांस-मछली की बिक्री पर प्रतिबंध का सख्ती से पालन कराने की बात कही गई।
त्योहार के दौरान यातायात व्यवस्था को लेकर भी चर्चा हुई। बीच बाजार में दिन-रात वाहनों के खड़े रहने से जाम की स्थिति बनने और यातायात व्यवस्था प्रभावित होने पर चिंता जताई गई। बाजार क्षेत्र में अनावश्यक रूप से वाहन खड़े न करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया
बंद सीसीटीवी कैमरे होंगे चालू
बैठक में नगर के बाजार क्षेत्र में बंद पड़े सीसीटीवी कैमरों को नवरात्रि पर्व से पहले चालू कराने की बात भी कही गई। प्रशासन और पुलिस ने त्योहार के दौरान सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए समितियों और नागरिकों से सहयोग की अपील की
बैठक में तहसीलदार दशरथ सिंह, थाना प्रभारी रत्नांबर शुक्ल, नगर पालिका अध्यक्ष अजय सराफ, नायब तहसीलदार गुरुप्रसाद , उपनिरीक्षक श्यामलाल मरावी, आरएन तिवारी सहित दुर्गा समितियों के पदाधिकारी, डीजे संचालक, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे



































































