वन्यप्राणी संरक्षण के प्रति विद्यार्थियों ने जगाई जागरूकता, लतार में निकाली रैली
चित्रकला व निबंध प्रतियोगिता के जरिए दिया वन एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश, विजेता विद्यार्थियों को किया पुरस्कृत

जमुना-कोतमा। वन्यप्राणी संरक्षण सप्ताह के अंतर्गत कोतमा परिक्षेत्र के लतार में स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को वन, वन्यप्राणियों तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए वन एवं वन्यप्राणी संरक्षण एवं संवर्धन विषय पर चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिता सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से वन संरक्षण, वन्यजीवों की सुरक्षा और पर्यावरण संतुलन का महत्व प्रदर्शित किया।
परिक्षेत्र सहायक लतार अभिलाष सोनी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए वन एवं वन्यप्राणियों के संरक्षण तथा संवर्धन की आवश्यकता के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने वनों के महत्व, वन्यप्राणियों की दिनचर्या, वन्यजीवों के शिकार से होने वाले नुकसान तथा पर्यावरण संरक्षण के विभिन्न पहलुओं से विद्यार्थियों को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि वन और वन्यप्राणी पारिस्थितिकी तंत्र के महत्वपूर्ण अंग हैं तथा इनके संरक्षण में समाज की सहभागिता आवश्यक है।
सिंगल यूज पॉलीथिन का उपयोग नहीं करने की दिलाई शपथ
कार्यक्रम के दौरान मिशन लाइफ के अंतर्गत विद्यार्थियों को सिंगल यूज पॉलीथिन का उपयोग नहीं करने तथा पर्यावरण के अनुकूल व्यवहार अपनाने की शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
इसके बाद विद्यार्थियों द्वारा ग्राम लतार के मुख्य मार्ग पर जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में विद्यार्थियों ने वन एवं वन्यप्राणियों के संरक्षण से जुड़े नारों के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक किया। रैली के दौरान लोगों से जंगलों को नुकसान नहीं पहुंचाने, वन्यप्राणियों की सुरक्षा करने और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने का संदेश दिया गया।
प्रतियोगिताओं के विजेताओं को किया पुरस्कृत
कार्यक्रम के समापन अवसर पर चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने विद्यार्थियों की रचनात्मक सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से बच्चों में प्रकृति एवं वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता विकसित होती है।
कार्यक्रम में परिक्षेत्र सहायक लतार अभिलाष सोनी, विनय पांडेय, विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकगण, विमला मरावी तथा अवध नरेश शुक्ला सहित विद्यालय के विद्यार्थी उपस्थित रहे।



































































