शैक्षणिक संस्थानों की 500 मीटर परिधि में नशीले पदार्थों का विक्रय प्रतिबंधित-कलेक्टर

---Advertisement---
  • अधिकारी आपसी समन्वय बनाकर नशे के विरुद्ध करें आवश्यक कार्यवाही-कलेक्टर
  • नारकोटिक्स को-ऑर्डिनेशन समिति की बैठक में अवैध उपयोग, भंडारण एवं विक्रय पर प्रभावी नियंत्रण के दिए निर्देश

अनूपपुर, 06 अक्टूबर 2026- कलेक्टर श्री रत्नाकर झा की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक श्री विक्रांत मुराब की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट कार्यालय के नर्मदा सभागार में सोमवार को जिले में नारकोटिक्स एवं अन्य नशीले पदार्थों के अवैध उपयोग, भंडारण एवं विक्रय पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से नारकोटिक्स को-ऑर्डिनेशन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नशे की रोकथाम, औषधीय दवाओं के दुरुपयोग एवं अवैध विक्रय पर निगरानी, कानून प्रवर्तन तथा जन-जागरूकता से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा एवं समीक्षा की गई।

बैठक में कलेक्टर श्री झा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शैक्षणिक संस्थानों की 500 मीटर की परिधि में नशीले पदार्थों का विक्रय प्रतिबंधित है। उन्होंने विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं छात्रावासों के आसपास स्थित दुकानों की नियमित जांच कराने तथा किसी भी प्रकार के नशीले अथवा मादक पदार्थों की बिक्री पाए जाने पर नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा समन्वित एवं सतत कार्यवाही की जाए। उन्होंने जिलेभर में नियमित चेकिंग अभियान संचालित करने तथा विशेष रूप से शेड्यूल ‘एक्स’ श्रेणी की दवाओं के क्रय-विक्रय, भंडारण एवं वितरण की सघन जांच करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

कलेक्टर ने उप संचालक सामाजिक न्याय विभाग को जिले में नियमित रूप से नशामुक्ति कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित विभागों को मेडिकल स्टोरों की सघन जांच कर नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने नशे के दुष्प्रभावों के प्रति युवाओं एवं आमजन को जागरूक करने के लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान संचालित करने पर भी जोर दिया। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी को विद्यालयों में नशामुक्ति से संबंधित अभियान चलाने तथा भाषण, चित्रकला प्रतियोगिता सहित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से छात्र-छात्राओं में नशे के विरुद्ध जागरूकता लाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में संबंधित विभागों द्वारा जिले में नशीले पदार्थों की अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने, औषधीय दवाओं के दुरुपयोग की रोकथाम तथा आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ प्रभावी, निरंतर एवं परिणाममूलक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री विक्रांत मुराब ने कहा कि नशीले पदार्थों के दुरुपयोग एवं नशामुक्ति के लिए जन-जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आवश्यकता के अनुसार पुलिस अधिकारियों का सहयोग लेकर नशे के विरुद्ध व्यापक जागरूकता अभियान संचालित किया जाए। उन्होंने बताया कि पुलिस विभाग द्वारा नशीले पदार्थों के अवैध उपयोग एवं कारोबार की रोकथाम को लेकर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर नशे के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही एवं जागरूकता गतिविधियों को और मजबूत करने की बात कही। बैठक में अन्य विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।

बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अलका तिवारी, जिला शिक्षा अधिकारी श्री तुलाराम आर्मो, ड्रग इंस्पेक्टर श्री प्रमोद कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment