- कलेक्टर ने व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने दिए निर्देश
अनूपपुर 04 अक्टूबर 2026- कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने शनिवार को अनूपपुर जिले के शासकीय जूनियर आदिवासी छात्रावास निगवानी का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने छात्रावास के शयन कक्ष, अध्ययन कक्ष, लाइब्रेरी, भोजन कक्ष, रसोईघर, कार्यालय कक्ष, छात्रावास अधीक्षक कक्ष सहित विभिन्न कक्षों एवं परिसर का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने छात्रावास में विद्यार्थियों के ठहरने, अध्ययन, भोजन एवं दैनिक उपयोग से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों के रजिस्टर एवं विभिन्न पंजी के संधारण का भी अवलोकन किया तथा छात्रावास अधीक्षक से विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही भोजन व्यवस्था, खाद्य सामग्री, साफ-सफाई एवं अन्य सुविधाओं के संबंध में चर्चा की।
कलेक्टर ने छात्रावास परिसर में स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने तथा विद्यार्थियों के लिए स्वच्छ पेयजल, स्वच्छ शयन कक्ष, अध्ययन के लिए अनुकूल वातावरण और अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों को शासन द्वारा निर्धारित सभी सुविधाएं समय पर एवं व्यवस्थित रूप से उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं छात्रावास अधीक्षक को छात्रावास की व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण करने तथा विद्यार्थियों की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रही।



































































