कैनवास पर उभरे सेवा के रंग, मंच से विद्यार्थियों ने दिया राष्ट्र निर्माण का संदेश
जिला स्तरीय चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने बढ़ाया उत्साह
एमसीबी। सेवा संकल्प अभियान ने शनिवार को उस समय जीवंत रूप ले लिया जब जिलेभर से पहुंचे विद्यार्थियों ने अपनी कला और विचारों के माध्यम से सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया। शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित जिला स्तरीय चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया
कार्यक्रम का शुभारंभ कलेक्टर संतन देवी जांगड़े सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर किया। इसके बाद चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रंगों के माध्यम से सेवा संकल्प अभियान की भावना को अभिव्यक्त किया। किसी चित्र में स्वच्छता का संदेश दिखाई दिया तो किसी में पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी की झलक नजर आई। विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रस्तुतियों ने अतिथियों को प्रभावित किया।
भाषण प्रतियोगिता में विचारों की रही गूंज
कार्यक्रम के दूसरे चरण में भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका और सेवा संकल्प के महत्व पर अपने विचार रखे। प्रतिभागियों ने अपने वक्तव्यों में युवाओं को समाज में सकारात्मक बदलाव का वाहक बताते हुए सेवा और जिम्मेदारी की भावना को जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया
इस अवसर पर कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में रचनात्मकता के साथ साथ सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। सेवा केवल किसी अभियान तक सीमित नहीं है बल्कि समाज के प्रति अपने दायित्वों को समझना और उन्हें जिम्मेदारी के साथ निभाना भी सेवा का ही स्वरूप है। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ कला, खेल और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में आगे बढ़ने के लिये प्रेरित किया।
उत्कृष्ट प्रतिभागियों का सम्मान
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा शील्ड, मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया वहीं सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहन प्रमाण पत्र देकर उनका उत्साह बढ़ाया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी दिखाई दी वहीं अन्य प्रतिभागियों ने भी भविष्य में बेहतर प्रदर्शन का संकल्प लिया
कार्यक्रम में एसडीएम लिंगराज सिदार, नगर पालिका उपाध्यक्ष धर्मेंद्र पटवा, जिला महामंत्री आशीष मजूमदार, मंडल अध्यक्ष रोहित वर्मा, विधायक प्रतिनिधि महेंद्र सिंह, जिला कार्यसमिति सदस्य राहुल सिंह, सोशल मीडिया संयोजक मनोज केशरवानी, आरएसएस कार्यवाह नीरज अग्रवाल, पार्षद नीलू जायसवाल, सुशीला सिंह, जमील शाह, अजीमुद्दीन अंसारी, सपन महतो, एल्डरमैन अखिलेश मिश्रा और हीरा रजक सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी कर्मचारी, शिक्षक शिक्षिकाएं, विद्यार्थी और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे। समापन अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया




































































