गांधी जयंती पर शिक्षकों ने किया श्रमदान

---Advertisement---

गांधी जयंती पर शिक्षकों ने किया श्रमदान

तालाब और आसपास के क्षेत्र में चलाया स्वच्छता अभियान

मनेन्द्रगढ़। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल मनेन्द्रगढ़ में स्वच्छता दिवस का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस अभियान में विद्यालय के शिक्षकों ने स्वयं श्रमदान कर सामाजिक जिम्मेदारी और स्वच्छता का संदेश दिया।
अभियान के दौरान शिक्षकों ने विद्यालय के सामने स्थित तालाब की साफ सफाई की। इसके साथ ही सड़क, विद्यालय के आसपास और सार्वजनिक स्थानों से कचरा, प्लास्टिक और अन्य अपशिष्ट पदार्थों को हटाया गया। शिक्षकों ने पूरे उत्साह और समर्पण के साथ श्रमदान करते हुए आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने में सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य अश्वनी वर्मा ने कहा कि महात्मा गांधी का स्वच्छ और स्वस्थ भारत का सपना तभी साकार हो सकता है जब स्वच्छता हमारे दैनिक जीवन का हिस्सा बने। उन्होंने कहा कि यह श्रमदान केवल विद्यालय के आसपास सफाई तक सीमित नहीं है बल्कि इसका उद्देश्य विद्यार्थियों और समाज में यह भावना विकसित करना है कि घर, विद्यालय, सड़क, जलस्रोत और आसपास के पर्यावरण को स्वच्छ रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। विद्यालय की निदेशिका पूनम सिंह ने कहा कि स्वच्छता की शुरुआत प्रत्येक व्यक्ति को स्वयं से करनी चाहिये। उन्होंने शिक्षकों के सामूहिक प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि वास्तविक शिक्षा वही है जो पुस्तकों तक सीमित ना रहकर व्यवहार और समाज में दिखाई दे।
शिक्षकों द्वारा स्वयं सफाई अभियान में शामिल होकर दिया गया संदेश विद्यार्थियों और स्थानीय समुदाय के लिये भी प्रेरणादायी रहा। अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि सामाजिक बदलाव की शुरुआत स्वयं के प्रयास से होती है और सामूहिक सहभागिता से ही स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण का निर्माण किया जा सकता है।
गांधी जयंती पर आयोजित यह अभियान विद्यालय की सामाजिक प्रतिबद्धता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का उदाहरण बना। स्वच्छता को व्यक्तिगत आदत से आगे सामाजिक जिम्मेदारी बनाने के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment