गांव की चौपाल में साइबर ठगी से बचाव का पाठ, एसपी हरीश राठौर ने ग्रामीणों को किया जागरूक
साइबर जागृति अभियान के तहत ग्राम ओड़गी में लगी चौपाल
बैकुंठपुर। साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों के बीच कोरिया पुलिस द्वारा चलाये जा रहे ‘साइबर जागृति अभियान’ के तहत ग्राम ओड़गी थाना बैकुंठपुर में विशेष ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर ने चौपाल में ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए उन्हें ऑनलाइन ठगी के बदलते तरीकों और साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी
एसपी राठौर ने कहा कि डिजिटल सेवाओं के बढ़ते इस्तेमाल के साथ साइबर ठग भी नये नये तरीकों से लोगों को निशाना बना रहे हैं। कभी बैंक अधिकारी, पुलिसकर्मी या कस्टमर केयर प्रतिनिधि बनकर तो कभी लॉटरी, नौकरी, इनाम और कम समय में पैसा दोगुना करने का लालच देकर लोगों से ठगी की जा रही है। ऐसे में थोड़ी सी सतर्कता बड़ी आर्थिक क्षति से बचा सकती है
उन्होंने ग्रामीणों को समझाया कि बैंक खाता नंबर, एटीएम पिन, यूपीआई पिन, पासवर्ड और ओटीपी जैसी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा ना करें। व्हाट्सएप या मोबाइल पर आने वाले संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें और किसी भी लुभावने ऑफर या इनाम के झांसे में आने से पहले उसकी सत्यता की जांच जरूर करें
पुलिस अधीक्षक ने यह भी कहा कि यदि कोई व्यक्ति फोन पर खुद को पुलिस, बैंक या किसी सरकारी विभाग का अधिकारी बताकर पैसे अथवा निजी जानकारी की मांग करता है तो बिना सत्यापन के कोई कदम ना उठायें। साइबर ठगी होने की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें। इसके साथ ही राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने तथा नजदीकी थाना या साइबर सेल को सूचना देने की अपील की गई
चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने साइबर अपराध से जुड़े विभिन्न सवाल और अपनी शंकाएं पुलिस अधिकारियों के समक्ष रखीं जिनका अधिकारियों ने मौके पर समाधान किया। पुलिस की ओर से ग्रामीणों को साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहने और गांव समाज में भी जागरूकता फैलाने के लिये प्रेरित किया गया
कार्यक्रम में स्थानीय पुलिस अधिकारी, ग्राम सरपंच, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे। ग्रामीणों ने पुलिस विभाग की इस जन जागरूकता पहल की सराहना करते हुए साइबर ठगी से बचाव के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की बात कही




































































