क्षतिग्रस्त मकान का हाल जानने पहुंचे पार्षद पवन चीनी
परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा, पाइपलाइन खुदाई से मकान क्षतिग्रस्त होने का आरोप; बंसल ब्रदर्स कंपनी पर कार्रवाई की मांग

अनूपपुर। जिले के नगर परिषद बरगवां-अमलाई अंतर्गत विभिन्न वार्डों में लंबे समय से पाइपलाइन बिछाने का कार्य बंसल ब्रदर्स कंपनी द्वारा कराया जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पाइपलाइन खुदाई के बाद कई स्थानों पर गड्ढों को व्यवस्थित तरीके से नहीं भरे जाने के कारण बारिश के दौरान लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है
इसी क्रम में नगर परिषद के वार्ड क्रमांक 04 स्थित इंदिरा नगर बस्ती में पाइपलाइन के लिए की गई खुदाई के कारण बारिश का पानी एक मकान में घुस गया। परिवारजनों के अनुसार, मकान के आसपास की खुदाई के बाद पानी घर के अंदर पहुंचने लगा और जमीन के नीचे से भी पानी निकलने की स्थिति बनी, जिससे मकान की स्थिति खराब हो गई है। परिवार के सामने अब सुरक्षित तरीके से रहने की समस्या उत्पन्न हो गई है
मकान क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिलने पर सोमवार की सुबह वार्ड क्रमांक 07 के पार्षद एवं युवा समाजसेवी पवन कुमार ‘चीनी’ अपने मित्र मंडली के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रभावित परिवार से मुलाकात कर मकान की स्थिति का जायजा लिया और परिवारजनों का हालचाल जाना। परिवार ने उन्हें बताया कि मकान के समीप पाइपलाइन खुदाई के बाद से लगातार परेशानी बढ़ी है और बारिश के पानी के कारण मकान को नुकसान पहुंचा है
मौके पर पहुंचे पार्षद पवन चीनी ने परिवार को भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में उनकी ओर से हरसंभव मदद उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समस्या के समाधान के लिए संबंधित स्तर पर भी बात रखी जाएगी और जरूरतमंद परिवार के साथ खड़ा रहना उनकी प्राथमिकता है
बताया गया कि इंदिरा नगर बस्ती नगर परिषद अध्यक्ष गीता गुप्ता के निवास से कुछ ही दूरी पर स्थित है। परिवारजनों का कहना है कि मकान की स्थिति खराब होने के बावजूद अभी तक नगर परिषद अध्यक्ष अथवा संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने नहीं पहुंचे हैं। वहीं, पार्षद पवन चीनी के मौके पर पहुंचने और परिवार की समस्या सुनने पर परिजनों ने उनके प्रति भरोसा जताया
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर परिषद बरगवां-अमलाई के विभिन्न वार्डों में कई महीनों से पाइपलाइन खुदाई का कार्य चल रहा है। आरोप है कि कई स्थानों पर पाइपलाइन डालने के बाद खुदाई वाले स्थानों को व्यवस्थित तरीके से नहीं भरा जा रहा है, जिसके कारण बारिश के दिनों में जलभराव, कीचड़ और मकानों को नुकसान जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं
वार्ड क्रमांक 04 के प्रभावित परिवार ने आरोप लगाया है कि पाइपलाइन खुदाई के कारण ही उनके मकान की स्थिति खराब हुई है। परिवारजनों ने संबंधित कंपनी की कार्यप्रणाली की जांच कराकर जिम्मेदारी तय करने तथा बंसल ब्रदर्स कंपनी के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है। साथ ही क्षतिग्रस्त मकान का मौके पर निरीक्षण कर परिवार को राहत एवं समस्या का स्थायी समाधान दिलाने की मांग की गई है




































































