सेवानिवृत्त महिला के एसईसीएल क्वार्टर में चोरी, आरोपी गिरफ्तार
चिरमिरी पुलिस ने कांसा फूल के बर्तन, साड़ी और ट्रॉली बैग सहित चोरी का सामान किया बरामद, वारदात में प्रयुक्त सब्बल भी जब्त
चिरमिरी। एकतानगर गोदरीपारा स्थित एसईसीएल क्वार्टर का ताला और दरवाजा तोड़कर चोरी करने के मामले में चिरमिरी पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किये गये कांसा फूल के बर्तन, साड़ियां, ट्रॉली बैग सहित अन्य सामान बरामद किया है। वारदात में प्रयुक्त लोहे का सब्बल भी पुलिस ने जब्त किया है। मामले में एक अन्य आरोपी फरार है जिसकी तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी 8 प्रकरण दर्ज बताये गये हैं
पुलिस के अनुसार बिशुनपुर निवासी 61 वर्षीय बोदली बाई सेवानिवृत्ति के बाद एकतानगर गोदरीपारा स्थित अपने एसईसीएल क्वार्टर से सामान लेकर अपने पुश्तैनी मकान चली गई थीं। बीमारी के कारण वे 6 सितंबर को वापस बिशुनपुर चली गई थीं। इसके बाद 26 सितंबर को जब वह फिर से गोदरीपारा स्थित क्वार्टर पहुंचीं तो दरवाजा और ताला टूटा हुआ मिला। क्वार्टर के अंदर रखे फूल-कांसा के बर्तन, साड़ी सहित करीब 17 हजार रुपये कीमत का सामान गायब था
मामले की रिपोर्ट पर थाना चिरमिरी में अपराध क्रमांक 367/2026, धारा 305(ए) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक एमसीबी श्रीमती रत्ना सिंह (आईपीएस) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा और नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी चिरमिरी निरीक्षक वासुदेव परगनिहा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संदिग्धों की पतासाजी शुरू की। विवेचना के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने एकतानगर गोदरीपारा निवासी सोनू उर्फ टॉमी उर्फ सोनू कुमार सोनमान को 28 सितंबर को पकड़कर पूछताछ की
पूछताछ में आरोपी द्वारा चोरी की वारदात में शामिल होना स्वीकार किये जाने की बात पुलिस ने कही है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कांसा/फूल की तीन थालियां, एक परात, सिल्वर का एक गंजा, ट्रॉली बैग और पांच साड़ियां बरामद कीं। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल किया गया लोहे का सब्बल भी जब्त किया गया। आरोपी को 28 सितंबर को दोपहर 12:40 बजे विधिवत गिरफ्तार कर इसकी सूचना उसके परिजनों को दी गई। पुलिस के मुताबिक वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी घटना के बाद से फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिये पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है
इस कार्यवाही में थाना प्रभारी चिरमिरी निरीक्षक वासुदेव परगनिहा, सहायक उप निरीक्षक बंधुराम, प्रधान आरक्षक अशोक मलिक, आरक्षक सुरेश तिग्गा सैनिक रामजी गुप्ता और प्रमोद साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही




































































