24 घंटे में गुम युवक को पुलिस ने सकुशल खोज निकाला, परिजनों ने जताया आभार
रामनगर। थाना रामनगर पुलिस ने तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए घर से लापता हुए 23 वर्षीय युवक को 24 घंटे के भीतर सकुशल दस्तयाब कर परिजनों को सौंप दिया। युवक के सुरक्षित मिलने पर परिवार ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 04, दुर्गा मंदिर सीधी दफाई, राजनगर निवासी कुसुमकली साहू ने 26 सितंबर को थाना रामनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका 23 वर्षीय पुत्र छविलाल साहू 25 सितंबर की रात घर से अचानक लापता हो गया है। परिजनों ने आसपास तथा रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन युवक का कोई पता नहीं चला। उसका मोबाइल फोन भी बंद था।
रिपोर्ट पर थाना रामनगर में अपराध क्रमांक 275/26, धारा 140(3) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने तत्काल तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने तकनीकी जानकारी और स्थानीय स्तर पर लगातार पतासाजी करते हुए युवक को सकुशल दस्तयाब कर लिया। युवक के मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली।
प्रकरण में युवक के कथन दर्ज कराने सहित आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी सुमित कौशिक के नेतृत्व में विनोद नाहर, विनोद मिंज और मदगेन्द्र पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







































































