अमरकंटक पुलिस की कॉम्बिंग गश्त में बड़ी कार्रवाई, 3 वारंटी गिरफ्तार
अलग-अलग मामलों में लंबे समय से फरार आरोपियों को पकड़कर न्यायालय में किया पेश
अमरकंटक। थाना अमरकंटक पुलिस ने 26 सितंबर की रात कॉम्बिंग गश्त के दौरान कार्रवाई करते हुए तीन गिरफ्तारी वारंटियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया।
पुलिस अधीक्षक अनूपपुर विक्रांत मुराब के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगनाथ मरकाम के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अमरकंटक उप निरीक्षक पी.एस. बघेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
गिरफ्तार आरोपियों में दुवारी निवासी राधेसिंह और सुदामा शामिल हैं। दोनों के विरुद्ध न्यायालय पुष्पराजगढ़ में धारा 498-ए, 34 के तहत प्रकरण लंबित था। वहीं बिजौरी निवासी सुपेत सिंह को आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के मामले में गिरफ्तार किया गया।
कॉम्बिंग गश्त के दौरान वारंटियों की धरपकड़ में ईश्वर यादव, धनंजय, पूरन सिंह मरावी, कृष्णा सिंह राजावत, पवन तिवारी और रवि की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि फरार वारंटियों की धरपकड़ के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

































































