17 सितंबर का रक्तदान बना 24 सितंबर की जिंदगी का सहारा
स्वास्थ्य मंत्री के रक्तदान से गंभीर एनीमिया से जूझ रही महिला को मिला रक्त
डोनर की तलाश के बीच उपलब्ध कराया गया संबल
मनेन्द्रगढ़। सेवा संकल्प अभियान के दौरान किया गया एक रक्तदान कुछ दिनों बाद जरूरतमंद महिला के उपचार में काम आया। 17 सितंबर को स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल द्वारा किये गये रक्तदान से उपलब्ध रक्त का उपयोग गंभीर एनीमिया से जूझ रही 26 वर्षीय बी-पॉजिटिव महिला के उपचार में किया गया। महिला का हीमोग्लोबिन करीब 5 ग्राम बताया गया है और उसे दो यूनिट रक्त की आवश्यकता थी
स्वास्थ्य विभाग से संबंधित दस्तावेजों के अनुसार महिला के लिये तत्काल उपयुक्त रक्तदाता उपलब्ध नहीं हो पा रहा था। ऐसे समय में पहले से उपलब्ध रक्त जरूरतमंद महिला के लिये उपचार का महत्वपूर्ण आधार बना। समय पर रक्त उपलब्ध होने से महिला को आवश्यक चिकित्सा सहायता मिल सकी।
अभियान में किया रक्तदान, जरूरत के समय आया काम
17 सितंबर को सेवा संकल्प अभियान के द्वितीय चरण के शुभारंभ अवसर पर आयोजित रक्तदान महादान कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने स्वयं रक्तदान किया था। उस समय रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों के लिये रक्त की उपलब्धता बढ़ाने और समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया था।
कुछ ही दिनों बाद उसी पहल का प्रत्यक्ष उपयोग सामने आया। बी-पॉजिटिव रक्त की आवश्यकता वाली महिला के लिए जब तत्काल डोनर उपलब्ध नहीं हुआ तब उपलब्ध रक्त उपचार में काम आया।
एक यूनिट रक्त, किसी के लिये बन सकता है उम्मीद का सहारा
गंभीर एनीमिया और मातृत्व स्वास्थ्य से जुड़ी परिस्थितियों में समय पर रक्त मिलना उपचार की प्रक्रिया में अहम होता है। ऐसे में यह घटनाक्रम रक्तदान की जरूरत और उसकी उपयोगिता को रेखांकित करता है
सेवा संकल्प अभियान के दौरान लिया गया रक्तदान का संकल्प अब एक जरूरतमंद महिला तक पहुंचकर जनसेवा की वास्तविक तस्वीर सामने ला रहा है। रक्तदाता के लिये यह महज रक्तदान था लेकिन जरूरत के समय यही रक्त किसी मरीज और उसके परिवार के लिये बड़ी उम्मीद बन सकता है
स्वास्थ्य सेवाओं में रक्त की पर्याप्त उपलब्धता बनाये रखने के लिये नियमित स्वैच्छिक रक्तदान को महत्वपूर्ण माना जाता है। इस घटनाक्रम ने भी यही संदेश दिया कि समय पर किया गया रक्तदान भविष्य में किसी अनजान जरूरतमंद के उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है


































































