अमरकंटक के गणेश पंडालों में महिलाओं द्वारा गूंज रहा भजन कीर्तन
संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय
अमरकंटक – मां नर्मदा की उद्गम स्थली / पवित्र नगरी अमरकंटक में इन दिनों गणेशोत्सव की धूम देखने को मिल रही है । नगर के विभिन्न गणेश पंडालों में प्रतिदिन सुबह-शाम विधि-विधान से आरती एवं पूजन-अर्चन के साथ धार्मिक आयोजन संपन्न हो रहे हैं । वहीं दोपहर बाद बड़ी संख्या में महिलाएं पंडालों में एकत्रित होकर भजन-कीर्तन कर भगवान श्री गणेश की आराधना कर रही हैं।
अमरकंटक के सर्किट हाउस तिराहा स्थित सार्वजनिक गणेश पंडाल में प्रतिदिन महिलाओं की विशेष सहभागिता देखने को मिल रही है । श्रद्धालु महिलाएं सामूहिक रूप से गणपति बप्पा के भजनों का गायन कर वातावरण को भक्तिमय बना रही हैं ।
भजन-कीर्तन के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह एवं आस्था का भाव दिखाई दे रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार सर्किट हाउस तिराहा पर अनेक वर्षों से भगवान गणेश की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाती है । गणेशोत्सव के दौरान यहां विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होते हैं तथा अनंत चतुर्दशी पर गणपति बप्पा की विदाई भी बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ की जाती है ।
अमरकंटक क्षेत्र ही नहीं बल्कि आसपास के दूर-दराज शहरी , ग्रामीण अंचलों से भी गणेश प्रतिमाएं विसर्जन के लिए यहां लाई जाती हैं । श्रद्धालु नर्मदा उद्गम क्षेत्र स्थित कुंड एवं निर्धारित विसर्जन स्थलों पर विधिवत पूजन-अर्चन के पश्चात प्रतिमाओं का विसर्जन करते हैं । इस अवसर पर बड़ी संख्या में भक्तों की उपस्थिति को देखते हुए शासन-प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाता है ।
नगर परिषद अमरकंटक द्वारा विसर्जन पर्व को लेकर प्रकाश व्यवस्था , पेयजल , साफ-सफाई तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े । गणेशोत्सव के दौरान पूरा नगर भक्ति और श्रद्धा के रंग में रंगा हुआ नजर आ रहा है ।


































































