वार्डों के विकास को लेकर सड़क पर उतरीं सीएमओ शिवांगी सिंह बघेल
साफ-सफाई और विकास कार्यों को लेकर नगर परिषद बरगवां-अमलाई प्रशासन सक्रिय, गणेश चतुर्थी को देखते हुए वार्डों में विशेष सफाई अभियान

अनूपपुर। नगर परिषद बरगवां-अमलाई के अंतर्गत आने वाले 1 से 15 वार्डों में साफ-सफाई एवं विकास कार्यों को लेकर मुख्य नगर परिषद अधिकारी (सीएमओ) श्रीमती शिवांगी सिंह बघेल द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। आगामी त्योहारों एवं गणेश चतुर्थी को देखते हुए नगर परिषद प्रशासन ने साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। सीएमओ शिवांगी सिंह बघेल का कहना है कि प्रत्येक वार्ड में नियमित एवं बेहतर साफ-सफाई व्यवस्था के लिए पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मचारियों की मौजूदगी जरूरी है। इसी उद्देश्य से प्रत्येक वार्ड में कम से कम 4 से 5 सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि वार्डों में स्वच्छता व्यवस्था प्रभावी रूप से बनी रहे।
वर्तमान में वार्ड क्रमांक 06, 07, 08 और 09 में गणेश पूजा को ध्यान में रखते हुए विशेष साफ-सफाई कराई जा रही है। इन वार्डों में नालियों के साथ-साथ सड़क के दोनों ओर जमा गंदगी एवं कचरे की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। नगर परिषद की टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर सफाई व्यवस्था का जायजा भी लिया जा रहा है।सीएमओ शिवांगी सिंह बघेल स्वयं वार्डों में पहुंचकर साफ-सफाई एवं अन्य विकास कार्यों की स्थिति का निरीक्षण कर रही हैंउनका प्रयास है कि नगर परिषद के सभी 15 वार्डों में स्वच्छता के साथ-साथ आवश्यक विकास कार्यों को गति दी जाए और नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हों
गणेश चतुर्थी के अवसर पर वार्डों में की जा रही विशेष साफ-सफाई को लेकर स्थानीय वार्डवासियों में भी उत्साह देखने को मिल रहा है। नागरिकों का कहना है कि त्योहारों से पहले सफाई व्यवस्था बेहतर होने से धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ आम लोगों को भी सुविधा मिलेगी। नगर परिषद प्रशासन द्वारा आने वाले अन्य त्योहारों को देखते हुए भी सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने की तैयारी की जा रही है। सीएमओ के लगातार वार्ड भ्रमण और मौके पर निगरानी से नगर परिषद क्षेत्र में स्वच्छता एवं विकास कार्यों को लेकर प्रशासन की सक्रियता नजर आ रही है


































































