हाईवे पर फिर हादसा, ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौत
केशवाही चौक के पास दर्दनाक सड़क हादसा, उपचार के दौरान युवक ने तोड़ा दम
कोतमा : हाईवे मार्ग पर सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार दोपहर एक बार फिर तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा केशवाही चौक के पास हुआ।
जानकारी के अनुसार परसराम कुशवाहा (30), निवासी मजीरा चौकी केशवाही , दोपहिया वाहन से कोतमा की ओर आ रहा था। इसी दौरान केशवाही चौक के पास तेज रफ्तार ट्रक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक को टक्कर मारते हुए फरार हो गया। हादसे में परसराम गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद सूचना पर हंड्रेड डायल में तैनात भानुप्रताप सिंह की मदद से घायल युवक को तत्काल कोतमा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
हाईवे किनारे खड़े ट्रकों से बढ़ रहा हादसे का खतरा:स्थानीय लोगों के अनुसार घटनास्थल के आसपास हाईवे पर अक्सर ट्रक खड़े रहते हैं। सड़क किनारे खड़े वाहनों के कारण दूसरी दिशा से आने वाले वाहन चालकों को सामने से आ रहे वाहनों का स्पष्ट दिखाई नहीं देता। ऐसे में हादसे की आशंका बनी रहती है। लोगों ने हाईवे किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों पर कार्रवाई की मांग की है।पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है। वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है।

































































