अमरकंटक में महिलाओं हेतु सुरक्षित पर्यटन स्थल परियोजना के अंतर्गत क्षमता वर्धन कार्यशाला संपन्न
महिला फेडरेशन सदस्यों को सूक्ष्म उद्यम विस्तार,स्वरोजगार एवं पर्यटन गतिविधियों से जुड़ी दी गई महत्वपूर्ण जानकारी
संवाददाता / श्रवण कुमार उपाध्याय
अमरकंटक – मां नर्मदा की उद्गम स्थली / पवित्र नगरी अमरकंटक जो प्रदेश के प्रमुख धार्मिक , आध्यात्मिक तथा पर्यटन केंद्र अमरकंटक में शुक्रवार दिनांक 18/09/26 को “महिलाओं हेतु सुरक्षित पर्यटन स्थल परियोजना” के अंतर्गत डेस्टिनेशन स्तरीय क्षमता वर्धन कार्यशाला का आयोजन किया गया । कार्यशाला में महिला फेडरेशन सदस्यों को पर्यटन आधारित स्वरोजगार , सूक्ष्म उद्यम विस्तार एवं क्षमता विकास से संबंधित प्रशिक्षण प्रदान किया गया ।
कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यटन क्षेत्र में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना , स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं उद्यमिता के अवसरों को बढ़ावा देना तथा पर्यटन स्थलों पर महिलाओं के लिए सुरक्षित , समावेशी और अनुकूल वातावरण विकसित करना रहा ।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान स्थानीय संसाधनों के प्रभावी उपयोग , छोटे व्यवसायों के विस्तार , पर्यटकों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने तथा पर्यटन से जुड़े विभिन्न आर्थिक अवसरों पर विस्तृत जानकारी दी गई ।
कार्यशाला में मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड के शहडोल क्लस्टर प्रभारी सुशील पांडेय एवं सहयोगी इंद्रजीत सिंह ने परियोजना के उद्देश्यों एवं संभावनाओं पर प्रकाश डाला । वहीं नर्मदांचल महिला पर्यटन सेवा प्रदत्ता संघ अमरकंटक की अध्यक्ष श्रीमती ममता पारस एवं सचिव आरती यादव ने महिलाओं को आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने तथा पर्यटन गतिविधियों से जुड़कर आर्थिक सशक्तिकरण हासिल करने के लिए प्रेरित किया ।
महिलाओं की सुरक्षा एवं जागरूकता के विषय पर पुलिस थाना अमरकंटक की ओर से सहायक उप निरीक्षक संजय श्रीवास तथा पुलिस दल के सदस्यों ने आवश्यक जानकारी साझा की । कार्यक्रम में रवि पटेल , कृष्णा राजावत , शिवानी , अजय सिंग्राम , दिया केवट , आरती मांझी , नीतू सिंह , कविता नागेश , सुप्रिया सेन , नेहा सेन , नम्रता खत्री , अंजलि , कुसुमलता , राधिका धुर्वे एवं रितिका ताम्रकार सहित बड़ी संख्या में महिला प्रतिभागियों की उपस्थिति रही ।
उल्लेखनीय है कि यह कार्यशाला पर्यटन मंत्रालय , भारत सरकार , यूएन वूमेन , द डॉटर्स ऑफ इंडिया , महिला एवं बाल विकास मंत्रालय तथा सहयोगी संस्था इंडियन ग्रामीण सर्विसेज के सहयोग से संचालित परियोजना के अंतर्गत आयोजित की गई ।
कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं को पर्यटन आधारित गतिविधियों में अपनी क्षमता का बेहतर उपयोग कर स्थानीय स्तर पर रोजगार , आय सृजन और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया ।



































































