हरतालिका तीज की खरीदारी से गुलजार हुआ कोतमा बाजार
साड़ियों से लेकर गहने, मेहंदी और श्रृंगार सामग्री की बढ़ी मांग, ब्यूटी पार्लरों में 13-14 सितंबर की बुकिंग फुल
रिपोर्टर भरत मिश्रा, कोतमा
कोतमा। सुहागिन महिलाओं के प्रमुख पर्व हरतालिका तीज को लेकर कोतमा नगर का बाजार इन दिनों पूरी तरह तीजमय नजर आ रहा है। पर्व में महज दो दिन शेष रहने के कारण बाजार में महिलाओं की भीड़ बढ़ गई है। साड़ी, लहठी, चूड़ी, कंगन, मेहंदी, बिंदी, नेलपेंट सहित पूजन सामग्री की दुकानों पर जमकर खरीदारी हो रही है। नगर के बाजार के अलावा कोयलांचल और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी महिलाएं खरीदारी करने कोतमा पहुंच रही हैं।
साड़ी बाजार में सबसे अधिक रौनक
तीज को लेकर पिछले करीब एक सप्ताह से कपड़ा बाजार में बिक्री में तेजी देखने को मिल रही है। दुकानों पर विभिन्न प्रकार की साड़ियों की वैरायटी उपलब्ध है। रेशम वर्क की साड़ियों के साथ सिफॉन और सिल्क की साड़ियों को महिलाएं खूब पसंद कर रही हैं। लाल, गुलाबी, चंपई और कत्थई रंग की साड़ियों की मांग अधिक बताई जा रही है। सिफॉन की प्रिंटेड साड़ियों के अलावा चंदेरी और ऑर्गेंजा साड़ियों की बिक्री भी अच्छी है।
व्यापारियों के अनुसार एक से तीन हजार रुपये तक की विभिन्न वैरायटी की साड़ियों की बिक्री अच्छी चल रही है। महिलाएं अपनी क्षमता के अनुसार खरीदारी कर रही हैं। तीज पर दान के लिए कम कीमत वाली साड़ियों की भी अच्छी मांग है। दुकानदारों को उम्मीद है कि पर्व से एक-दो दिन पहले तक बाजार में खरीदारी का सिलसिला और तेज रहेगा।
पूजन सामग्री की दुकानों पर भीड़
हरतालिका तीज के पूजन को लेकर बाजार में पूजन सामग्री की दुकानें भी सज गई हैं। दुकानों के अलावा फुटपाथ पर भगवान शिव-पार्वती की मिट्टी की प्रतिमाएं, बांस से बने छिटवां दान की सामग्री और डलिया सहित अन्य पूजन सामग्री उपलब्ध है। महिलाएं अपनी जरूरत के अनुसार पूजन सामग्री की खरीदारी कर रही हैं।
टेलरिंग दुकानों पर बढ़ी व्यस्तता
साड़ी की खरीदारी के साथ महिलाओं को पीको कराने और ब्लाउज सिलवाने के लिए टेलरिंग दुकानों के चक्कर भी बढ़ गए हैं। पर्व नजदीक आने के कारण टेलरों के यहां काम का दबाव बढ़ गया है। महिलाएं समय पर साड़ी और ब्लाउज तैयार कराने के लिए पहले से ही ऑर्डर दे रही हैं।
फल बाजार में भी बढ़ी मांग
तीज पर्व को लेकर फलों की आवक में भी बढ़ोतरी हुई है। बाजार के कारोबारी पर्व को देखते हुए अधिक मात्रा में फल मंगा रहे हैं। खासकर सेब और केले की मांग अधिक बताई जा रही है। थोक फल बाजार में भी खरीदारी तेज हो गई है। कारोबारियों का कहना है कि पर्व के दो दिन तक फलों की बिक्री में तेजी बने रहने की उम्मीद है।
सर्राफा बाजार में पायल-बिछिया की मांग
हरतालिका तीज के अवसर पर सोने-चांदी के आभूषणों की खरीदारी को लेकर भी महिलाओं में उत्साह नजर आ रहा है। सर्राफा दुकानों पर पायल, बिछिया, झुमके, कान-नाक के छोटे सेट सहित अन्य आभूषणों की मांग बढ़ी है।
आभूषण कारोबारी दीपक चंदेरिया ने बताया कि इन दिनों छोटे आभूषणों की बिक्री अधिक हो रही है। पायल और बिछिया की मांग काफी है। इसके अलावा सोने के कान-नाक के सेट भी खरीदे जा रहे हैं। कुछ महिलाएं डायमंड ज्वेलरी की ओर भी रुख कर रही हैं। कारोबारी के अनुसार इस बार तीज पर्व पर सर्राफा बाजार में अच्छा कारोबार होने की उम्मीद है।
ब्यूटी पार्लरों में बुकिंग फुल
तीज पर्व को लेकर महिलाओं में सजने-संवरने को लेकर भी खासा उत्साह है। फेशियल, पेडीक्योर, मैनीक्योर और मेकअप के लिए ब्यूटी पार्लरों के साथ घर पर सेवा देने वाली ब्यूटीशियनों की मांग बढ़ गई है। 13 और 14 सितंबर के लिए कई ब्यूटी पार्लरों तथा ब्यूटीशियनों की बुकिंग पहले ही पूरी हो चुकी है।
महिलाएं एक हजार से चार हजार रुपये तक के पैकेज ले रही हैं। कई ब्यूटीशियन सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक बुकिंग लेकर घर पर ही सेवाएं दे रही हैं। इससे महिलाओं को काफी सुविधा मिल रही है।
तीन हजार रुपये तक के मेकअप पैकेज
नगर के ब्यूटी पार्लरों में विभिन्न कंपनियों के फेशियल के साथ विशेष पैकेज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। करीब तीन हजार रुपये तक के पैकेज में ओ-थ्री फेशियल के साथ पेडीक्योर और मैनीक्योर जैसी सेवाएं शामिल हैं। सामान्य फेशियल 500 से 1300 रुपये तक में उपलब्ध है। वहीं पेडीक्योर और मैनीक्योर के लिए 1500 रुपये तक के पैकेज की मांग भी बढ़ी है।
ब्यूटी पार्लर संचालकों के अनुसार कई महिलाओं ने करीब 15 दिन पहले ही तीज के लिए अपना शेड्यूल तय कर लिया था। यही वजह है कि पर्व की तारीख नजदीक आते-आते बुकिंग तेजी से भर गई।
मेहंदी के लिए फुटपाथ पर सजी दुकानें
हरतालिका तीज पर मेहंदी लगाने की परंपरा के चलते नगर में जगह-जगह मेहंदी लगाने वालों ने फुटपाथ पर अस्थायी दुकानें सजा ली हैं। श्रृंगार सामग्री की दुकानों के बाहर भी मेहंदी लगाने वालों की मौजूदगी दिखाई दे रही है। महिलाएं हाथों पर आकर्षक डिजाइन की मेहंदी लगवाने के लिए पहुंच रही हैं।
मनिहारी दुकानों पर सुबह से देर रात तक भीड़
चूड़ी, कंगन, मेहंदी, बिंदी, नेलपेंट और अन्य श्रृंगार सामग्री की दुकानों पर सुबह से देर रात तक महिलाओं की भीड़ दिखाई दे रही है। तीज को लेकर महिलाओं में खरीदारी का उत्साह साफ नजर आ रहा है। दुकानदारों का कहना है कि पर्व के अंतिम दो दिनों में बिक्री और बढ़ने की संभावना है।
कुल मिलाकर हरतालिका तीज ने कोतमा के बाजार को नई रौनक दे दी है। कपड़ा, सर्राफा, फल, मनिहारी, पूजन सामग्री और ब्यूटी सेवाओं से जुड़े कारोबारियों को पर्व से अच्छे कारोबार की उम्मीद है। नगर के साथ ग्रामीण और कोयलांचल क्षेत्रों से लगातार पहुंच रही महिलाओं के कारण बाजार देर शाम तक गुलजार नजर आ रहा है।


































































