चोरियों की कड़ियां जोड़कर कोतवाली पुलिस ने खोला राज, पांच आरोपी गिरफ्तार
रेलवे कॉलोनी से कॉपर वायर, पेंड्रा दफाई से सरिया और एचआर इंडस्ट्रीज से मोटर पंप चोरी का खुलासा

मनेन्द्रगढ़। शहर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बीच कोतवाली पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने अलग अलग स्थानों पर हुई चोरी की तीन वारदातों का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कॉपर वायर, करीब दो क्विंटल लोहे की छड़, मोटर पंप और चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है। बरामद सामान की संबंधित प्रार्थियों से पहचान भी कराई गई है
पुलिस के अनुसार थाना क्षेत्र में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए अपराध क्रमांक 206/26, 208/26 और 209/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई। बढ़ती वारदातों पर अंकुश लगाने के लिये आईजी सरगुजा रेंज दीपक झा (आईपीएस) और एसपी एमसीबी श्रीमती रत्ना सिंह (आईपीएस) ने चोरी के मामलों का जल्द खुलासा करने के साथ ही गश्त और पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिये। इन निर्देशों के तहत एएसपी अनिल विश्वकर्मा के मार्गदर्शन और कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक पाटले के नेतृत्व में चार टीमों को जांच में लगाया गया। पुलिस टीमों ने घटनास्थलों से मिले सुरागों और संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर पतासाजी शुरू की। पूछताछ के दौरान पुलिस को अहम जानकारी मिली और तीन अलग अलग चोरी की वारदातों में आरोपियों की संलिप्तता सामने आई।
गैराज से कॉपर वायर उड़ाने वाला आरोपी गिरफ्तार
रेलवे कॉलोनी निवासी गुरुदत्ता के गैराज से कॉपर वायर चोरी के मामले में पुलिस ने राकेश यादव पिता श्यामलाल, उम्र 22 वर्ष को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से करीब 10 किलो कॉपर वायर तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई। बरामद सामान और वाहन की कुल अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है।
गोदाम से दो क्विंटल सरिया चोरी
वार्ड क्रमांक 9 पेंड्रा दफाई निवासी हुसैन के गोदाम से करीब दो क्विंटल लोहे की छड़ और कटर मशीन चोरी होने के मामले में पुलिस ने अरमान अंसारी पिता हामिद उम्र 22 वर्ष निवासी मौहारपारा वार्ड क्रमांक 5 और सुमित सिंह पिता बलराम निवासी मौहारपारा को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से करीब 20 हजार रुपये कीमत की दो क्विंटल लोहे की छड़ बरामद की गई।
इंडस्ट्रीज कैंपस से मोटर पंप किया पार
तीसरी वारदात में चनवारीडांड स्थित एचआर इंडस्ट्रीज कैंपस से बड़ा मोटर पंप चोरी किया गया था। मामले में पुलिस ने सुभाष कुमार पिता विजय कुमार निवासी गदबदी बैकुंठपुर और ऋषि कुमार पिता ज्ञानचंद उम्र 19 वर्ष निवासी पेंड्रा हाल मुकाम खेड़िया तिराहा को गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से करीब 14 हजार रुपये कीमत का मोटर पंप बरामद किया गया।
पुलिस ने बरामद सामान की पहचान संबंधित प्रार्थियों से कराई जिन्होंने अपने चोरी हुए सामान को पहचान लिया। इसके बाद पांचों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर आगे की कार्यवाही की गई।
गश्त बढ़ाने के साथ पुलिस ने तेज की निगरानी
लगातार हो रही चोरियों के बाद पुलिस द्वारा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने के साथ ही पेट्रोलिंग को भी तेज किया गया है। पुलिस का कहना है कि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिये नागरिकों का सहयोग भी बेहद जरूरी है।
मनेन्द्रगढ़ पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि चोरी की घटना होने पर बिना देरी किये पुलिस को सूचना दें और एफआईआर दर्ज करायें वहीं कोई संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें ताकि समय रहते कार्यवाही की जा सके।
इनकी रही अहम भूमिका
पूरी कार्यवाही में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक पाटले, उपनिरीक्षक जयालक्ष्मी, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक दीपशिखा, सहायक उपनिरीक्षक चेतन रजवाड़े, प्रधान आरक्षक राजकुमार सेन, प्रिंस राय, सुनील रजक, नवीनदत्त तिवारी, राकेश शर्मा, आरक्षक मो. आजाद, प्रदीप लकड़ा, प्रमित सिंह, प्रमोद यादव (साइबर सेल), अमित गुप्ता और सैनिक विनीत सोनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



































































