11 वर्षीय नाबालिग बालक को पुलिस ने भालूमाड़ा से किया दस्तयाब, परिजनों को सौंपा
राजेन्द्रग्राम। थाना राजेन्द्रग्राम पुलिस ने अपहरण के मामले में तत्परता दिखाते हुए 11 वर्षीय नाबालिग बालक को भालूमाड़ा से सकुशल दस्तयाब कर बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश करने के बाद परिजनों के सुपुर्द किया।
पुलिस के अनुसार, 3 सितंबर 2026 को किंरगी निवासी पूजा गुप्ता ने थाना राजेन्द्रग्राम में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी बड़ी बहन का 11 वर्ष 11 माह का पुत्र, परिवर्तित नाम मोनू पाटिल, ग्राम जीलंग छपानी से किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाया गया है। शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध अपराध क्रमांक 222/26, धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने लगातार तलाश करते हुए 8 सितंबर को बालक को भालूमाड़ा थाना क्षेत्र से दस्तयाब किया। पूछताछ में बालक ने अपने नाना के साथ जाने की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने बालक को सिविल ड्रेस में बाल कल्याण समिति अनूपपुर के समक्ष पेश किया, जहां से आवश्यक प्रक्रिया के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द किया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक वीरेन्द्र कुमार बडकरे के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में वीरेन्द्र सिंह, विनोद कुमार और रितु अहिरवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


































































